बलिया : मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने गिनाई उपलब्धियां




सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने दिया अपने 4 सालों के कार्यों का हिसाब

पीएम मोदी के कारण भारत के कदमों को अपना रही दुनिया

बलिया। केन्द्र में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने उपलब्धियां गिनाई। शहर के होटल में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में श्री सिद्दीकी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा उठाए गए कदमों को पूरी दुनिया अपना रही है।

मोदी युग में जातिवाद, शोषण व गुंडागर्दी हुई खत्म 

उन्होंने कहा कि मोदी युग में देश की राजनीति में परिवर्तन आया है। जातिवाद, शोषण व गुंडागर्दी को खत्म किया गया है। इसके पहले देश में परिवारवाद था। पीएम मोदी ने देश में एक माहौल बनाया है। जिससे साधारण लोक कार्यकर्ता को भी राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर मिला है। केन्द्र सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए जमाल सिद्दीकी ने कहा कि मोदी ने पिछले नौ सालों में सरकार को गरीब कल्याण के लिए समर्पित किया है। पहले गरीबी हटाओ का नारा दिया जाता था लेकिन गरीबी नहीं हटती थी। कोरोना काल में भारत की तरफ दुनिया देखती थी। पीएम मोदी ने कोरोना से देश को बचाया। पूरी दुनिया ने कोरोना को लेकर उठाए गए भारत के कदमों को अपनाया है। दुनिया ने देखा कि किस तरह से 140 करोड़ लोगों को समय के अंदर समय के अंदर दो डोज लगवाया गया। 

करोना काल से अबतक 80 करोड़ को दे रहे है मुफ्त राशन 

कहा कि कोरोना के समय से 80 करोड़ परिवारों को राशन दिया जा रहा है। इसमें कहीं कोई भेद नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता भी सबकी सेवा में लगे रहे। बीते नौ सालों में कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने में सहयोग किया। पीएम स्वनिधि योजना से गरीबों के जीवन में उजाला आया है। वर्तमान में दुनिया भर में महंगाई है। लेकिन भारत में महंगाई नहीं है। यहां पर महंगाई दर महज 6.3 प्रतिशत है। क्योंकि पीएम ने सभी के लिए कार्य किया। सबका साथ लेकर काम किया। न लिंग भेद किया, न जाती भेद किया और न धर्म भेद किया। उन्होंने महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाया। पीएम गरीब के बेटे हैं। उन्हें गरीब का दर्द मालूम है। उन्होंने उज्ज्वला योजना के जरिए फ्री गैस सिलेंडर दिया। जिसमें अकेले एक करोड़ 75 लाख यूपी में दिया गया है।

आजादी के बाद आज तक बिजली कनेक्शन नहीं था। 75 लाख बिजली कनेक्शन यूपी में दिया गया है। हमारी सरकार ने देश में पेयजल संकट दूर किया। उत्तर प्रदेश में ही नल जल योजना के माध्यम से एक करोड़ आठ लाख घरों में पीने का जल पहुंचाया गया। पीएम ने असंगठित मजदूरों को भी काम का बेहरर माहौल दिया। आठ करोड़ तीस लाख जॉब कार्ड सिर्फ उत्तर प्रदेश में दिया गया है। यही वजह है कि अब बड़े शहरों में प्लायन नहीं होता। यहां बेरोजगारों को 23 करोड़ 32 लाख ऋण बांटा गया है। पीएम ने किसान सम्मान निधि दो करोड़ 50 लाख किसानों को दिया। 55 हजार करोड़ यूपी में किसान सम्मान निधि के रूप में दिया गया है। मोदी सरकार ने गरीबों के स्वास्थ्य की भी चिंता की। आयुष्मान कार्ड के जरिए गरीबों को पांच लाख की मदद इलाज में दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में 22 करोड़ लाभार्थियों को लाभ मिल चुका है।

मोदी सरकार ने खोले 7 सालों में 15 एम्स 

आज देश में मोदी ने सात साल में पंद्रह एम्स खुलवाए हैं। महिलाओं के सम्मान के लिए शौचालय बनवाए गए। जिसके तहत उत्तर प्रदेश में दो करोड़ 22 लाख इज्जत घर बनवाए गए हैं। कहा कि विपक्ष कोशिश कर रहा है लेकिन एक भी भ्रष्टाचार नहीं निकाल सका है। टूजी और कोयला घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि पहले रोज घोटाले होते थे। आज तक एक पैसे का घोटाला नहीं हुआ है। वहीं, प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्रा दयालु ने कहा कि केंद्र की योजनाएं गरीबों के लिए हैं। जिले में मॉडल बस स्टेशन बनने जा रहा है। जल निकासी के लिए तीन सौ करोड़ की योजना पर काम हो रहा है। अब तोकेंद्र व प्रदेश सरकार में योजनाओं को समय से पूरा किया जाता है। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू व पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी भी थे।

नौ साल में देश का हुआ कायाकल्प : मस्त

प्रेसवार्ता में लोकसभा सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त ने कहा, नौ साल के मोदी के कार्यकाल में देश का कायाकल्प हुआ है। 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने देश की संसदीय राजनीति में भरोसे का संकट दूर किया है। गांव, गरीब व किसान की चिंता मोदी ने की। अपनी सांसद निधि का हिसाब देते हुए कहा कि चार साल में जिला लोकसभा क्षेत्र के अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगा है। जगह-जगह सत्संग भवन बनाए गए हैं।  ऐतिहासिक भृगु मन्दिर के कॉरिडोर का कार्य शुरू हुआ है। कहा कि इसके पहले जिले में सड़कों का अभाव था। भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत सड़कें बनवाई जा रही हैं। यूपी का पहला ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे बलिया में बन रहा है।गांवों को जोड़ने के लिए लिंक रोड भी बन रहे हैं। कुल 25 हजार करोड़ की सड़कें बन रही हैं। सड़कों का योगदान क्षेत्र के विकास में अहम होता है। कहा कि मोदी सरकार में हर क्षेत्र का विकास हुआ है।



Comments