वाराणसी मंडल : महिला स्वास्थ्य और महिलाओं की भलाई विषयक सेमिनार एवं तनाव मुक्त जीवन पर कार्यशाला का आयोजन


वाराणसी 02 मार्च, 2023; अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में वाराणसी मंडल 02 मार्च से 06 मार्च तक विभिन्न आयोजनों के माध्यम से अन्तर्राष्ट्रीय महिला सशक्तिकरण सप्ताह मना रहा है। इसी क्रम में आज 02 मार्च, 2023 को पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल चिकित्सालय में महिला सशक्तिकरण सप्ताह का आरंभ महिला स्वास्थ्य और महिलाओं की भलाई विषयक सेमिनार एवं तनाव मुक्त जीवन, ध्यान और सचेतनता पर कार्यशाला का आयोजन करके किया गया।


कार्यक्रम का आरंभ करते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर आर. जे. चौधुरी ने सभी अभ्यागत का स्वागत किया एवं महिला कर्मचारियों के भावनात्मक पहलुओं, उनके तनाव, उनकी कार्य शैली, सामाजिक बंधनों के बारे में जिक्र किया। तत्पश्चात मनोचिकित्सक डॉ निशांत के द्वारा महिला कर्मचारियों को उनके तनाव दूर करने में ध्यान एवं चेतन अवस्था (Stress free life, Meditation& Mindfulness) के उपयोग का सोदाहरण व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ मोनिका शुक्ला ने महिला कर्मचारियों को किशोरावस्था में अपनाई जाने वाली सावधानियों समेत महिलाओं के तनाव और उनकी अपेक्षाओं के संबंध में चर्चा की। स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉक्टर ममता सिंह ने गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के शरीर में होने वाले परिवर्तनों से अवगत कराते हुए पोषक आहार लेने एवं गर्भधारण के समय अपनाई जाने वाली सावधानी के बारे में बताया। स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ कल्पना दुबे ने मेनोपॉज के बारे में जानकारी दी साथ ही सामजिक रूढ़ियो को त्याग कर खुलकर समस्याओं पर बात करने और भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया।


सेमिनार के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा आर जे चौधुरी, मंडल कार्मिक अधिकारी श्री विवेक मिश्रा, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा सुनन्दा चतुर्वेदी, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा निरज कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा कल्पना दूबे, सहायक मंडल चिकित्साधिकारी डा निशांत, डा मोनिका शुक्ला तथा डा ममता सिंह समेत मंडल चिकित्सालय की महिला चिकित्सा कर्मचारी एवं भारी संख्या में महिला कर्मचारीगण उपस्थित थीं। 


कार्यक्रम के अंत में अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर सुनंदा चतुर्वेदी ने सभी वक्ताओं और श्रोताओं का धन्यवाद ज्ञापन किया। महिला कर्मचारियों के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन अलग-अलग दिवसों में किया जाएगा।

*अशोक कुमार*

जनसंपर्क अधिकारी, वाराणसी।






 

Post a Comment

0 Comments