बलिया। 07 जनवरी 2023 संविधान शासनादेश का अनुपालन करो, गोंड-खरवार को अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र जारी करो नारे के साथ ऑल गोंडवाना स्टूडेन्ट्स एसोसिएशन (आगसा) व गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य सम्पूर्ण समाधान दिवस माॅडल तहसील पर संवैधानिक आग्रह सांकेतिक धरना दिया गया तत्पश्चात् जिलाधिकारी महोदया माननीय सौम्या अग्रवाल जी के हाथों में पत्रक सौंपते हुए ऑल गोंडवाना स्टूडेन्ट्स एसोसिएशन (आगसा) के अध्यक्ष मनोज कुमार शाह ने कहा कि भारत के राजपत्र संविधान (अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति) आदेश संशोधन अधिनियम 2002 द्वारा बलिया जिले में निवास करने वाले गोंड, खरवार को अनुसूचित जनजाति के रूप में मान्यता दी गयी है। उत्तर प्रदेश सरकार के शासनादेश के द्वारा भी इन्हें अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी करने हेतु निर्देश दिये गये हैं जिसका अनुपालन तहसीलदार व लेखपालगण द्वारा नहीं किया जा रहा है, जाति प्रमाण पत्र जारी करने में अनावश्यक रूप से हीला-हवाली, परेशान व उत्पीड़न किया जा रहा है। जिलाधिकारी महोदया द्वारा उपजिलाधिकारी श्री प्रशान्त नायक जी को निर्देशित करते हुए शासनादेश के क्रम में जाति प्रमाण पत्र जारी करवाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया। इसी क्रम में ऑल गोंडवाना स्टूडेन्ट्स एसोसिएशन (आगसा) के अध्यक्ष मनोज कुमार शाह ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र के अभाव में गोंड, खरवार छात्र नौजवानों को अगली कक्षा में प्रवेश, छात्रवृत्ति, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के फार्म भरने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। लेखपालगण द्वारा खुलेआम भारत के राजपत्र, संविधान व शासनादेश की अवहेलना/अवमानना की जा रही है। आगे कहा कि यदि संवैधानिक रूप से गोंड, खरवार को अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र सुगमतापूर्वक जारी करना प्रारम्भ नहीं किया गया तो आन्दोलन के अगले क्रम में माॅडल तहसील का घेराव किया जायेगा जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी तहसील प्रशासन व जिला प्रशासन की होगी।
माॅडल तहसील धरना में प्रमुख रूप से अरविन्द गोंडवाना, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के तहसील अध्यक्ष संजय गोंड, एडवोकेट अनिल गोेंड, राजा गोंड, पूर्व प्रधान राजा राम खरवार, भूवनेश्वर गोंड, रामसेवक खरवार, उमाकान्त गोंड, मनोज शाह, शिवशंकर खरवार रहे।
0 Comments