बलिया : कल (बुधवार) मनाया जाएगा खुशहाल परिवार दिवस

मातृत्व स्वास्थ्य और परिवार के बेहतर भविष्य के लिए दिया जाता है परामर्श 

दिए जाते हैं परिवार नियोजन के साधन व सेवाएं 

बलिया, 20 दिसम्बर 2022। जिले के सभी सामुदायिक व शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, शहरी पीएचसी और सब सेंटर के साथ ही जिला महिला चिकित्सालय में खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन बुधवार को किया जायेगा। इसमें विविध कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे और परिवार नियोजन पर लाभार्थियों  को परामर्श और सेवाएं दी जायेंगी।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी/ परिवार कल्याण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ०एसके तिवारी ने बताया कि बुधवार को  खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और जिला महिला चिकित्सालय में किया जायेगा। समुदाय में परिवार नियोजन को लेकर जागरूकता बढ़ाने के मकसद से आयोजित इस कार्यक्रम में चिन्हित दम्पत्तियों को परिवार नियोजन से जुड़ी बातों पर जागरूक किया जायेगा।

नोडल अधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य नव विवाहित दंपति, एक जनवरी 2020 के बाद जटिल गर्भावस्था की प्रसूताएं और एक या अधिक बच्चों वाले योग्य दंपति को परिवार नियोजन के साधनों से जोड़ना है। कार्यक्रम के तहत जटिल गर्भावस्था वाले केस चिन्हित किए गए हैं। चिन्हित महिलाओं और नवविवाहित दंपति को परामर्श भी दिया जाएगा, जो उन्हें परिवार नियोजन अपनाने के लिए सहायक होगा। जटिल गर्भावस्था की प्रसूताओं को जोखिम से बचाने के लिए उन्हें परिवार नियोजन के साधनों से जोड़ना बहुत ही आवश्यक है। नव विवाहित दम्पति को परिवार नियोजन के साधनों के बारे में बास्केट ऑफ़ च्वाइस के माध्यम से जानकारी दी जा रही है। आशा कार्यकर्ता इसके लिए परामर्श सेवाएं भी दे रही हैं। खुशहाल परिवार दिवस के अन्तर्गत दम्पति को परिवार नियोजन के साधनों से जोड़ा जाएगा।



Comments