हाजीपुर: 01.11.2022। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री अनुपम शर्मा द्वारा आज मुख्यालय प्रांगण में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भ्रष्टाचार के उन्मूलन हेतू दृढ़इच्छा शक्ति तथा सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा के अनुपालन की प्रतिज्ञा दिलाई गई।
इस अवसर पर महाप्रबंधक ने लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उनका नमन किया। कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक सह मुख्य सतर्कता अधिकारी सहित पूर्व मध्य रेल मुख्यालय के सभी विभागाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने सतर्कता प्रतिज्ञा लिया। विदित हो कि इस वर्ष पूरे देश में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन 31 अक्टूबर, 2022 से 06 नवम्बर, 2022 तक किया जा रहा है। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह का थीम ‘‘भ्रष्टाचार मुक्त भारत-विकसित भारत‘‘ है।
इसी क्रम में आज एक लघु नाटिका द्वारा भ्रष्टाचार मुक्त भारत में नागरिकों के योगदान की प्रस्तुति की गयी, जिसमें अनधिकृत व्यक्तियों से टिकट न खरीदने, अनधिकृत वेंडरों से खाद्य पदार्थ खरीदने पर होने वाले नुकसान, आई.आर.सी.टी.सी. के काउंटरों से खरीद या बिल लेने का सुझाव, पे एंड यूज शौचालय के प्रयोग एवं उचित प्रभार का भुगतान एवं रेलवे भर्ती में फर्जी तरीके न अपनाने की सलाह इत्यादि महत्वपूर्ण जानकारियों को काफी सहज तरीके से नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
यात्रा के दौरान यात्रियों को होने वाली किसी प्रकार की समस्याओं से संबंधित शिकायत एवं सहायता हेतु एकीकृत रेल मदद हेल्पलाईन नंबर 139 के प्रयोग हेतु जानकारी प्रदान की गई। रेल यात्रियों को जागरूक करने के उद्देष्य से महत्वपूर्ण जानकारियों को एक पम्पलेट के माध्यम से उपस्थित लोगों के बीच वितरण किया गया। इस अवसर पर भ्रष्टाचार एवं उसकी रोकथाम से संबंधित एक पोस्टर प्रदर्षनी भी लगायी गयी।
(वीरेन्द्र कुमार)
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी।
0 Comments