बलिया : फैमिली कोर्ट में पेश हुए भोजपुरी स्टार पवन सिंह, पत्नी ने भरण-पोषण हेतु मांगा हर महीने 2 लाख


बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की परिवार अदालत में शुक्रवार की दोपहर करीब 2 बजकर 30 मिनट पर भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह पेश हुए। उनके खिलाफ परिवार न्यायालय द्वारा नोटिस जारी किया गया था। कोर्ट ने यह नोटिस पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह द्वारा अपने भरण-पोषण के लिए दायर मुकदमा के तहत दिया था। कोर्ट ने पवन सिंह को 05 नवंबर को तलब करते हुए अपना पक्ष रखने का आदेश दिया था।

भोजपुरी स्टार पवन सिंह की निजी जिंदगी की मुश्किलें लगातार बढ़ती दिख रही हैं। पत्नी ज्योति सिंह ने उनके खिलाफ भरण-पोषण का मुकदमा दायर कर दिया है। इस मामले में बलिया की फैमिली कोर्ट की जज रागिनी सिंह ने पवन सिंह को 5 नवंबर को अदालत में पेश होकर अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया था।

पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने 22 अप्रैल को बलिया जिले की फैमिली कोर्ट में अर्जी दी थी। अर्जी में पवन सिंह के खिलाफ दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 125 के तहत भरण-पोषण के लिए एक मुकदमा दायर किया गया था। ज्योति के वकील ने बताया कि फैमिली कोर्ट की जज रागिनी सिंह ने पवन को 5 नवंबर को अदालत में पेश होकर अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया था। इससे पहले जज रागिनी सिंह ने पवन सिंह को बीते 2 जून को पेश होने के लिए कहा था, लेकिन किसी कारण से वो कोर्ट में नहीं पहुंच पाए थे। वकील ने बताया कि ज्योति सिंह के द्वारा 2 लाख रुपये प्रति माह भरण पोषण की मांग की गई है। जिस पर 20 दिसबंर 2022 को सुनवाई होनी है।





Comments