मौसम विभाग : यूपी के 36 जिलों में बारिश का अलर्ट


प्रदेश में लगातार हुई बारिश के बाद तापमान में तेजी से ग‍िरावाट आई थी वहीं धूप न‍िकलने के बाद उमस के साथ गर्मी भी बढ़ी है।

लखनऊ। यूपी में मौसम एक बार फ‍िर तेजी से करवट लेने वाला है। IMD ने आज प्रदेश के 36 से अधि‍क शहरों में बार‍िश का अलर्ट जारी क‍िया है। कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, आगरा में जहां सुबह धूप ख‍िली वहीं गाज‍ियाबाद में बादलों से सुबह का आगाज हुआ। मेरठ में सुबह सुबह हुई र‍िमझ‍िम बारि‍श ने मौसम खुशनुमा कर द‍िया। प्रदेश में लगातार हुई बारिश के बाद तापमान में तेजी से ग‍िरावाट आई थी वहीं धूप न‍िकलने के बाद उमस के साथ गर्मी भी बढ़ी है।

प्रयागराज और उसके आसपास के जिलों प्रतापगढ़, कौशांबी में भी सुबह से ही आसमान में आंशिक बादल छाए हैं। बादलों की लुकाछ‍िपी के बीच धूप भी खिल रही है। दोपहर बाद IMD के अनुसार बूंदाबांदी के आसार हैं । यहां सोमवार की रात भी बूंदाबांदी हुई थी।

मेरठ सहित वेस्‍ट यूपी में मंगलवार को हुई झमाझम बारिश ने मौसम खुशनुमा कर द‍िया। मेरठ और आसपास के ज‍िलों में सुबह से आसमान पर काले घने बादल छाए हुए हैं। IMD ने मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में आज भी पूरे दिन वर्षा होने की संभावना जताई है।

बागपत में मंगलवार सुबह मौसम साफ रहा। हल्की धूप निकली इसके बाद भी आसमान में बादलों की लुकाछ‍िपी जारी रही। बार‍िश के बाद रात के तापमान में भी गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान 24 व अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

शामली में मंगलवार सुबह से मौसम साफ है। आसमान में बादल नहीं हैं और ठंडी हवा भी चल रही है। इससे मौसम का मिजाज खुशनुमा बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दोपहर बाद बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में इस दौरान बूंदाबांदी भी हो सकती है।

बुलंदशहर के अनूपशहर, डिबाई, दानपुर, शिकारपुर, ऊंचागांव और छतारी क्षेत्र में सोमवार देर रात तक झमाझम बारिश हुई। जबकि नगर, खुर्जा, सिकंदराबाद और गुलावठी में हल्की बूंदाबांदी हुई। ज‍िसके बाद तापमान में पांच ड‍िग्री की ग‍िरावट दर्ज की गई। 29 से 31 डिग्री सेल्सियस रहने वाला तापमान अब 24 ड‍िग्री के करीब है।

मुजफ्फरनगर में मंगलवार की सुबह बादलों के साथ हुई। जैसे जैसे द‍िन चढ़ा धूप चटख होती गई। यहां शाम के बाद बार‍िश के संकेत हैं। ज‍िससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत म‍िल सकती है।

मौसम विभाग ने लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अम्बेडकर नगर, गौतम बुद्ध नगर, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा झांसी, ललितपुर, बांदा चित्रकूट में झमाझम बार‍िश का अलर्ट है।

वहीं IMD ने प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, फतेहपुर, वाराणसी, एस आर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, अलीगढ़, बुलंदशहर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव में देर शाम तक हल्‍की बारिश की संभावना जताई है।






Comments