जंगलराज : चेकिंग कर रही महिला दरोगा की गाड़ी से कुचलकर हत्या


हरियाणा के बाद झारखंड में भी वाहन से पुलिस अफसर को कुचल कर मार देने का मामला सामने आया है। यह घटना ठीक एक दिन बाद हुई है। महिला पुलिस अफसर की मौत हो गई है। चालक गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ कर रही है।

रांची। हरियाणा में डीएसपी सुरेंद्र सिंह बिशनोई की डंफर से कुचल कर हत्या की वारदात के बाद अब झारखंड की राजधानी रांची में भी एक पुलिस अफसर को वाहन से कुचल कर मार डालने की दुस्साहसिक घटना सामने आई है। यह घटना बुधवार सुबह करीब तीन बजे की है। पुलिस अफसर की मौत हो गई है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

बताया जा रहा कि महिला सब इंस्पेक्टर संध्या टोपनो मंगलवार रात वाहनों की जांच कर रही थीं। इसी दौरान एक पिकअप वैन रास्ते से गुजर रहा था। उन्होंने वाहन चालको को रुकने के लिए इशारा किया। लेकिन वाहन चालक ने वाहन की रफ्तार तेज कर दी। देखते ही देखते उसने महिला सब इंस्पेक्टर के ऊपर वाहन चढ़ा दिया। संध्या टोपनो कुछ समझ नहीं पाईं। मौके पर मौजूद पुलिस वाले भी थोड़ी देर के लिए सन्नाटे में रह गए। पुलिस वालों ने तत्काल संध्या टोपनों को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल जाने के दौरान ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। 

रांची के तुपुदाना ओपी की प्रभारी थीं संध्या टोपनो

बताया जाता है कि महिला सब इंस्पेक्टर संध्या टोपनो रांची के तुपुदाना ओपी में बतौर प्रभारी तैनात थीं। इस हत्या से पुलिस जवानों में आक्रोश है। रांची के एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपित वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसका वाहन भी सीज कर लिया गया है। एसएसपी ने यह भी कहा कि घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया। बाद में पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। यह दुस्साहसिक घटना बुधवार सुबह करीब तीन बजे हुई। पुलिस के अनुसार, वाहन चालक पशुओं से लदा वाहन लेकर जा रहा था। पुलिस जांच कर रही है कि इस मामले में पशु तस्करों का कितना हाथ है। बताया गया कि संध्या टोपनो 2018 बैच की सब इंस्पेक्टर थीं।

वाहन को किया गया सीज

रांची के एसएसपी ने बताया कि जिस वाहन से महिला सब इंस्पेक्टर संध्या टोपनो को कुचला गया उस वाहन को पुलिस ने सीज कर लिया है। आरोपित वाहन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।






Post a Comment

0 Comments