22 जून से राजन जी महाराज की अमृतवाणी सुनने उमड़ेगा जनसैलाब
बांसडीह (बलिया)। क्षेत्र के करिहरा-बेरूआरबारी स्थित अमरनाथ मंदिर परिसर में आगामी 22 जून से आयोजित होने वाली प्रसिद्ध कथावाचक राजन जी महाराज की संगीतमय श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कथा के शुभ आयोजन हेतु रविवार को विधायक केतकी सिंह ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ भूमिपूजन एवं हनुमान ध्वज स्थापना कर पंडाल निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।
वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच संपन्न हुए इस कार्यक्रम में विधायक केतकी सिंह एवं उनके पति शांत स्वरूप सिंह ने पूरे श्रद्धा एवं भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की। अनुष्ठान का संचालन पंडित चैतन्य जी महाराज ने किया। भूमि पूजन के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा और भगवान श्रीराम तथा बजरंगबली के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूजा-अर्चना में सहभागिता कर आयोजन की सफलता के लिए मंगलकामनाएं कीं। कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कथा स्थल पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं में आगामी रामकथा को लेकर विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि 22 जून से प्रारंभ होने वाली संगीतमय श्रीराम कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए कथा स्थल पर विशाल पंडाल, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
समिति के अनुसार राजन जी महाराज की मधुर वाणी और रामकथा के आध्यात्मिक संदेश का लाभ लेने के लिए क्षेत्र ही नहीं, आसपास के जनपदों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। कथा आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है और प्रतिदिन तैयारियों का सिलसिला जारी है।
इस अवसर पर राकेश सिंह, विनोद सिंह, दीपक यादव, राजेश दुबे, विजयशंकर सिंह, सुनील सिंह, मुन्ना सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।


0 Comments