बलिया : पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में शामिल होंगे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला


बलिया। जनपद के प्रसिद्ध बाबा बालखण्डीनाथ मंदिर, दिऊली के समीप चल रही श्री शिव महापुराण कथा में रविवार को देश के लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है तथा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा 9 जून से बाबा बालखण्डीनाथ मंदिर परिसर में श्री शिव महापुराण कथा का वाचन किया जा रहा है। 15 जून तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। कथा स्थल पर भक्तों की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के आगमन को लेकर प्रशासन ने मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम भी जारी किया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह रविवार को लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट, वाराणसी पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग द्वारा बलिया के लिए रवाना होंगे। अपराह्न लगभग तीन बजे उनके बाबा बालखण्डीनाथ मंदिर परिसर स्थित कथा स्थल पर पहुंचने का कार्यक्रम है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लोकसभा अध्यक्ष लगभग एक घंटे तक कथा स्थल पर मौजूद रहेंगे तथा श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण करेंगे। इस दौरान कथा आयोजन समिति के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से भी उनका संवाद होने की संभावना है।

लोकसभा अध्यक्ष के आगमन को देखते हुए कथा स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग बनाए रखने तथा निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करने की अपील की है।



Post a Comment

0 Comments