जानें जुलाई 2022 के मुख्य त्योहार और उनके शुभ मुहूर्त


साल के 7वें महीने यानि जुलाई में कौन-कौन से तीज-त्योहार आने वाले हैं, यह जानने के लिए इस आर्टिकल को जरूर पढ़ें। 

जुलाई का महीना आते ही तीज-त्योहार की झड़ी लग जाती है। शुरुआत होती है सावन से, जो हिंदी पंचांग का 5वां महीना होता है। इस बार भी सावन का महीना जुलाई के अंत में लग रहा है। हालांकि, महीने की शुरुआत में जगन्नाथ यात्रा और गुरु पूर्णिमा के पड़ने से सावन के पहले से ही त्योहार शुरू हो जाएंगे। जाहिर है, त्योहार का नाम आते ही मन में खुशी और उल्लास जाग जाता है। ऐसे में हम आपको जुलाई माह में पड़ने वाले सभी बड़े त्योहारों के बारे में बताएंगे, साथ ही उनके शुभ मुहूर्त की भी जानकारी देंगे।

जगन्‍नाथ यात्रा - 1 जुलाई, शुक्रवार

जगन्‍नाथ यात्रा का क्रेज देश भर में सभी कृष्‍ण भक्‍त को होता है। इस वर्ष 1 जुलाई को जगन्‍नाथ यात्रा निकाली जाएगी। इस दिन भगवान श्री कृष्ण अपने बड़े भाई बलराम और छोटी बहन सुभद्रा के साथ यात्रा पर निकलते हैं और अपनी मौसी गुंडिचा देवी के घर 15 दिनों के लिए रहने जाते हैं।

अगर आप भी भगवान श्री कृष्ण के भक्त हैं, तो आप इस अवसर पर भगवान श्री कृष्ण के जगन्‍नाथ स्वरूप की पूजा करें और उन्‍हें प्रसाद में मूंग एवं उड़द दाल का भोग लगाएं।

हरिशयनी एकादशी-10 जुलाई, रविवार

इस त्‍योहार को कई नाम से पुकारा जाता है। ऐसी मान्यता है कि हरिशयनी एकादशी के दिन भगवान श्री विष्णु योग निद्रा में चले जाते हैं और इसी के साथ सभी देवी-देवता सो जाते हैं। हालांकि, भगवान श्री विष्णु के सोने पर महादेव जगत की कमान संभालते हैं और सावन का महीना आते ही अपने भक्तों के पास पृथ्वी लोक में आ जाते हैं। यह पर्व आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष में एकादशी के दिन पड़ता है और इस बार यह 10 जुलाई को मनाया जाएगा। इस दिन भगवान श्री विष्णु की भव्य पूजा होती है। हालांकि, इस दिन के बाद से चातुर्मास शुरू हो जाता है, जिस कारण कोई भी मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं।

शुभ मुहूर्त- 09 जुलाई को शाम 04 बजकर 39 मिनट से प्रारंभ होकर 10 जुलाई को दोपहर 02 बजकर 13 मिनट तक रहेगी।

गुरु पूर्णिमा - 13 जुलाई, बुधवार

सावन के शुरू होने से ठीक 1 दिन पहले ही गुरु पूर्णिमा आती है। हिंदू धर्म में इसे बहुत बड़ा त्योहार माना जाता है। गुरु पूर्णिमा के दिन देव गुरु बृहस्पति की पूजा की जाती है और आप हर उस व्यक्ति की पूजा कर सकते हैं,‍ जिन्हें आप गुरु की उपाधि देते हैं।

शुभ मुहूर्त- 13 जुलाई को प्रात: 04:00 बजे से प्रारंभ होकर, 14 जुलाई को देर रात 12 बज कर 10 मिनट पर समाप्त होगी.

सावन का पहला सोमवार- 18 जुलाई, सोमवार

सावन का पर्व 14 जुलाई से शुरू हो रहा है और इस महीने में सबसे ज्‍यादा महत्‍व होता है सावन के सोमवार का। इस बार सबसे पहला सावन का सोमवार 18 जुलाई के दिन पड़ रहा है। इस दिन शिव भक्त अपने आराध्य का व्रत रखते हैं और पूजा करते हैं।

सावन शिवरात्रि- 26 जुलाई, मंगलवार

सावन शिवरात्रि को भी बहुत ज्‍यादा महत्‍व दिया गया है। वैसे तो हर माह शिवरात्रि आती है, मगर सावन की शिवरात्रि बहुत ज्‍यादा महत्‍वपूर्ण होती है। इस दिन भगवान शिव के साथ-साथ पार्वती जी की भी पूजा की जाती है। ऐसा भी कहा गया है कि सावन की शिवरात्रि पर भगवान शिव को नृत्य करके भक्त प्रसन्न कर सकते हैं।

शुभ मुहूर्त- 6 जुलाई की शाम 07 बजकर 24 मिनट से प्रारंभ होकर रात 09 बजकर 28 मिनट तक रहेगी।

हरियाली तीज- 31 जुलाई, रविवार

सावन के महीने में शुक्ल पक्ष की तृतीया पर हरियाली तीज का त्योहार आता है। हरियाली तीज इस बार 31 जुलाई को मनाई जाएगी। महिलाओं के इस पर्व में वे देवी पार्वती की पूजा करती हैं और इस दिन झूले झूलने का विशेष महत्व है। इतना ही नहीं, इस दिन हरे रंग की चूड़ी और वस्त्र पहनने की भी परंपरा है।



Comments