महाप्रबन्धक ने गोरखपुर में नवस्थापित विडियो सर्विलांस सिस्टम (वी.एस.एस.) कन्ट्रोल रूम का किया उद्घाटन


गोरखपुर 12 नवम्बर, 2020: पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक श्री विनय कुमार त्रिपाठी ने 12 नवम्बर, 2020 को परिचालन विभाग, गोरखपुर में नवस्थापित विडियो सर्विलांस सिस्टम (वी.एस.एस.) कन्ट्रोल रूम का उद्घाटन फलक का अनावरण कर किया। समारोह में अपर महाप्रबन्धक श्री अमित कुमार अग्रवाल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री एस.के.पाण्डेय, वरिष्ठ उप महाप्रबन्धक श्री अमिताभ ओझा, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबन्धक श्री अनिल कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेसुब श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक श्री एस.सी.प्रसाद, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री ए.के.पाण्डेय, मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेसुब डा0 एस.के.सैनी, मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री एस.एन.शाह, मुख्य संचार इंजीनियर श्री पी.के.राय, मुख्य कार्मिक अधिकारी/प्रषासन श्री नुरूद्दीन, महाप्रबन्धक के सचिव श्री डी.के.खरे, मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री पंकज कुमार सिंह, रेल टेल के महाप्रबन्धक श्री दीपू श्याम सहित रेलवे एवं रेलटेल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे । 


 महाप्रबन्धक श्री विनय कुमार त्रिपाठी ने विडियो सर्विलांस सिस्टम (वी.एस.एस.) की कार्यपद्धति को देखने के उपरान्त इसमें सिस्टम इम्प्रूवमेंट के लिये अनेक व्यवहारिक सुझाव दिये। उन्होंने वी.एस.एस. को और अधिक कारगर बनाने के लिये इसमें फेस रिकगनिशन सिस्टम विकसित करने तथा खराब कैमरों का अलार्म/एलर्ट सुविधा भी विकसित करने का सुझाव दिया। रेल टेल के अधिकारियों ने महाप्रबन्धक श्री त्रिपाठी के सुझावों को अत्यन्त महत्वपूर्ण बताते हुये इन्हें वी.एस.एस. में समाहित करने का आश्वासन दिया। महाप्रबन्धक ने कहा कि इससे क्राइम नियंत्रण में तथा जहरखुरानी की घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी। 


 उल्लेखनीय है कि रेल यात्रियों एवं सम्पत्ति की सुरक्षा तथा अवांछनीय घटनाओं पर नजर रखने में अत्यन्त कारगर वी.एस.एस. का रेलवे स्टेशनों पर प्रावधान रेल कारपारेशन आफ इण्डिया लिमिटेड(रेल टेल) द्वारा समस्त भारतीय रेल के 6124 स्टेशनों/स्थलों पर किया जा रहा है। प्रथम चरण में भारतीय रेल पर 300 से अधिक वी.एस.एस. स्थापित किये गये हैं। पूर्वोत्तर रेलवे पर प्रथम चरण में वी.एस.एस. की शुरूआत 12 स्टेशनों पर की गई है, जिसमें लखनऊ मण्डल के बस्ती, गोण्डा एवं खलीलाबाद, इज्जतनगर मण्डल के काठगोदाम एवं रूद्रपुर सिटी तथा वाराणसी मण्डल के बलिया, मऊ, बेल्थरा रोड, आजमगढ़, देवरिया सदर, छपरा एवं सीवान स्टेशन सम्मिलित हैं। चरणबद्ध तरीके से पूर्वोत्तर रेलवे के सभी स्टेशनों पर इस प्रणाली का विस्तार किया जायेगा । पूर्वोत्तर रेलवे के महत्वपूर्ण स्टेशनों जैसे कि गोरखपुर, लखनऊ जं0 पर पहले से ही सी.सी.टी.वी. कैमरे लगे हैं। 


वी.एस.एस. में आई.पी. आधारित कैमरा लगा है। इस प्रणाली के माध्यम से तीन स्तरों मुख्यालय, मण्डल एवं स्टेशनों मानिटरिंग की सुविधा है। हर कैमरे की बहुत ज्यादा रिकार्डिंग कैपिसिटी है। रेलवे स्टेशनों पर इसे प्रमुख रूप से प्रवेश एवं निकास द्वार सहित रेलवे सुरक्षा बल, टेलीकाम एवं रेल टेल के संयुक्त निरीक्षण में चिन्हित अन्य स्थलों पर लगाया गया है। हर स्टेशन पर लगभग 40 कैमरे लगेंगे। इस प्रणाली में 10 के.वी. के क्षमता का यू.पी.एस. लगा है तथा दो घंटे से ज्यादा का बैकअप है। उच्च क्वालिटी के कैमरों के साथ सर्वर में 20 जी.बी. का हार्ड डिस्क भी लगाया गया है। वी.एस.एस. में ले-आउट फेसिलिटी भी है, जिससे एक साथ कई स्थलों की मानिटरिंग की जा सकेगी। 


Post a Comment

0 Comments