30-40 की उम्र में महिलाओं को स्वस्थ रहने के लिए जरूर खाने चाहिए ये 10 आहार, मिलेगा पोषण रहेंगी रोग-मुक्त


महिलाओं के शरीर और सेहत में 30-40 साल की उम्र में कई बड़े बदलाव आते हैं। 40 की उम्र पहुंचते-पहुंचते शरीर में मांसपेशियां कम होने लगती हैं, हार्मोन्स में असंतुलन आने लगता है, स्वभाव में हल्का चिड़चिड़ापन आ जाता है और वजन भी बढ़ने लगता है। इसके अलावा 40 साल की उम्र पार करते-करते ज्यादातर महिलाओं का शरीर कई बीमारियों का घर बन चुका होता है। इनमें हाई ब्लड प्रेशर, थायरॉइड, डायबिटीज, मोटापा, मूड स्विंग्स आदि प्रमुख हैं। इसलिए स्वस्थ और सेहतमंद रहने के लिए महिलाओं को बहुत पौष्टिक चीजें खाने की जरूरत होती हैं, जिनमें सारे पोषक तत्व हों। अच्छे खाना के अलावा अच्छी नींद, तनाव मुक्त जीवन और रोजाना थोड़ी एक्सरसाइज करके महिलाएं स्वस्थ रह सकती हैं और अपनी उम्र कई साल बढ़ा सकती हैं। आइए आपको बताते हैं 10 सबसे जरूरी आहार, जिन्हें 30-40 की उम्र में महिलाओं को जरूर खाना चाहिए।


अलसी के बीज


अलसी के बीजों में ओमेगा-3 फैटी एसिड और फाइबर होता है। इसके सेवन से हार्ट के बीमारियों और मस्तिष्क के रोगों से बचाव रहता है। इसके अलावा अलसी के बीज खाने से हड्डियां भी मजबूत होती हैं।


नट्स


सभी नट्स ढेर सारे विटामिन्स, मिनरल्स, एंटीऑक्सीडेंट्स, हेल्दी फैट, प्रोटीन और फाइबर से भरे होते हैं। नट्स खाने से आपकी भूख शांत रहती है, वजन घटता है और कई गंभीर बीमारियों का खतरा कम होता है। अखरोट और बादाम आपको दिल की बीमारियों से बचाते हैं। मूंगफली वजन घटाने में आपकी मदद करती है।


लहसुन


वैसे तो लहसुन का सेवन हर उम्र में फायदेमंद है क्योंकि इसमें एंटीबैक्टीरियल और एंटी वायरल गुण होते हैं। लेकिन 40 की उम्र के बाद महिलाओं में हड्डियों की कमजोरी की समस्या आम होती है, जिससे लहसुन आपको बचा सकता है। इसके अलावा लहसुन में मौजूद एलिसिन नामक तत्व ब्रेस्ट कैंसर को रोकने में भी मददगार होता है।


हरी पत्तेदार सब्जियां


हरी पत्तेदार सब्जियों से आपको आयरन, जिंक, विटामिन K, ल्यूटिन, फॉलेट, कैल्शियम और बीटा कैरोटीन जैसे जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं, जो आपके शरीर में खून बढ़ाते हैं, याददाश्त बढ़ाते हैं, आंखों की रोशनी तेज करते हैं और हड्डियों को स्वस्थ रखते हैं।


डार्क चॉकलेट्स


अगर आपको चॉकलेट्स खाना पसंद है, तो आपको 40 की उम्र के बाद हमेशा डार्क चॉकलेट्स ही खानी चाहिए। डार्क चॉकलेट्स में फ्लैवोनॉइड्स होते हैं, जो आपको हार्ट की बीमारियों, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर से बचाते हैं।


अंडे


महिलाओं को अंडा जरूर खाना चाहिए क्योंकि अंडे में विटामिन डी होता है। इसके अलावा अंडा गुड फैट और प्रोटीन का बहुत अच्छा स्रोत है। इसलिए अपने रोजाना के खानपान में कम से कम 1-2 अंडों को जरूर शामिल करें।


प्याज


प्याज का सेवन भी आपको कई बीमारियों से बचाता है। प्याज में कई पावरफुल एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो आपके शरीर को कैंसर, ट्यूमर जैसी बीमारियों से बचाते हैं। इसके अलावा प्याज के सेवन से मेटाबॉलिज्म तेज रहता है और प्याज में मौजूद पोटैशियम आपके ब्लड प्रेशर को ठीक रखता है।


ब्रोकली


ब्रोकली हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद होती है मगर 40 की उम्र के बाद इसका सेवन जरूर करना चाहिए क्योंकि ब्रोकली में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और पोषक तत्व आपको कैंसर से बचाते हैं। इसके अलावा ब्रोकली विटामिन B6, विटामिन A और फाइबर का बहुत अच्छा स्रोत है। ब्रोकली के सेवन से वजन घटता है और अल्जाइमर जैसी बीमारियों का खतरा भी कम होता है।


अदरक


अदरक आपको इसलिए खाना चाहिए क्योंकि आर्टरीज (धमनियों) से जुड़ी समस्याओं में अदरक को बहुत ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। अदरक के सेवन से भी अधेड़ उम्र में आने वाली कई समस्याओं जैसे- डायबिटीज, मसल पेन, पाचन संबंधी समस्याओं आदि से छुटकारा मिलता है।


खट्टे फल


सभी तरह के खट्टे फलों का सेवन आपके लिए फायदेमंद है क्योंकि इनमें विटामिन सी होता है। विटामिन C शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाता है और एक बेहतरीन एंटीऑक्सीडेंट की तरह काम करता है, जिससे हार्ट की बीमारियों और कैंसर का खतरा कम होता है।


 


Comments