सिकन्दरपुर, बलिया। नागरिकता संशोधन बिल व एनआरसी के विरोध मे पूरे देश मे चल रहे विरोध व हिंसात्मक प्रदर्शन के मद्देनज़र पूरे उत्तर प्रदेश को हाई अलर्ट पर रखा गया हैं । इसी बीच शांतिपूर्ण व्यवस्था को बरकरार बनाये रखने के दृष्टिगत जिलाधिकारी हरि प्रताप शाही व पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र नाथ स्थानीय पुलिस चौकी प्रांगण मे पहुंच कर जमीनी हकीकत से रूबरू हुए। इस दौरान बैठक मे जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने संबधित अधिकारियों से नागरिकता संशोधन बिल व एनआरसी पर हो रहें हिंसक विरोध प्रदर्शन के मद्देनज़र समूचे क्षेत्र में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा कर नगर के अलग अलग हिस्सों मे भी ताजा हालातों का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारी द्वय ने बैठक में मौजूद नगर के संभ्रांत लोगों को संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी तरह के अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही किसी अफवाह का हिस्सा बने । नगर में शांति व्यवस्था को बनाए रखना पुलिस और आम जनता की मुख्य जिम्मेदारी है और यह जिम्मेदारी हम सभी को मिलकर निभानी होगी । कहा कि क्षेत्र मे किसी भी तरह की अराजकता फैलाने वाले अराजक तत्वों को किसी भी हाल मे बख्शा नहीं जाएगा । कोई भी अराजक तत्व अराजकता फैलाकर किसी भी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है तो नुकसान करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्यवाही की जाएगी और उसके जायदाद की कुर्की कर सरकारी संपत्ती के हुए नुकसान की भरपाई भी की जाएगी । बैठक के उपरांत उपजिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के नेतृत्व मे भारी पुलिस बल ने फुट मार्च किया।
पुलिस चौकी से शुरू होकर यह रुट मार्च जल्पा चौक, उर्दू मार्केट, पुराना डाकखाना, चांदनी चौक, दरगाह, डोमनपुरा, मदरसा, भीखपुरा व बाजार चौक होते हुए पुलिस चौकी पर आकर समाप्त हो गया । फुट मार्च के दौरान बड्ढ़ा मे डॉ सैयद मिन्हाजुद्दीन अजमली सदर दरगाह शाह वली कादरी ने उपजिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी को अपने समुदाय की तरफ से एक ज्ञापन देकर समूचे नगर मे शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रशासन को हर संभव सहायता देने के लिये आश्वस्त किया । क्षेत्राधिकारी पवन कुमार, प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्रा, चौकी प्रभारी अमरजीत यादव, लालबचन प्रजापति, भीष्म क्षयादव, खुर्शीद अहमद, फैजी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
0 Comments