पंडाल समितियों, रामलीला कमेटियों और डीजे संचालकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, सौहार्द बनाए रखने की अपील
सिकंदरपुर, बलिया। आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा त्योहार को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना सिकंदरपुर परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर, तहसीलदार सिकंदरपुर एवं प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार दुबे की मौजूदगी में क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडाल समितियों, रामलीला कमेटियों, डीजे संचालकों, समिति सदस्यों तथा संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने आगामी त्योहारों को लेकर सभी आयोजकों एवं समिति के सदस्यों से आवश्यक जानकारी ली तथा त्योहार के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों को आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ संपन्न कराया जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद अथवा ऐसी गतिविधि से बचने की अपील की गई, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो।
डीजे संचालकों एवं पूजा पंडाल समितियों को भी निर्धारित नियमों का पालन करने तथा आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सभी से अपील की कि त्योहार के दौरान प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना दें।
प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार दुबे ने कहा कि पुलिस क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है। त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाए, यही सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में मौजूद लोगों ने भी शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।


.jpg)

