बलिया : पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि


आओ झुककर सलाम करें उन्हें,

                     जिनके हिस्से में ये मुकाम आया है।

खुशनशीब होता है वो खून,

                              जो देश के काम आता है।।


बलिया। आज दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन, बलिया में "पुलिस स्मृति दिवस-2026" के अवसर पर एक भव्य एवं भावपूर्ण शोक परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बलिया डॉ0 ईरज राजा सहित जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों द्वारा पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया गया। 


शोक सलामी (Reversed Arms) : परेड में शामिल सशस्त्र टुकड़ियों ने शहीदों के सम्मान में अपने शस्त्र झुकाकर (शोक सलामी) दी तथा दो मिनट का मौन रखकर वीर आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।


शहीदों के नामों का पठन : पुलिस अधीक्षक द्वारा इस वर्ष देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले देश के सभी पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जांबाज जवानों के नामों की सूची सम्मानपूर्वक पढ़ी गई।


ऐतिहासिक स्मरण : उपस्थित पुलिसकर्मियों को याद दिलाया गया कि किस तरह 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सेना के कपटपूर्ण हमले का मुकाबला करते हुए वीर जवानों ने अपनी शहादत दी थी, जिनकी स्मृति में यह दिवस पूरे देश में मनाया जाता है।


पुलिस अधीक्षक बलिया का संदेश :- पुलिस अधीक्षक बलिया ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस बल का प्रत्येक जवान जनमानस की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे तत्पर रहता है. शहीदों का यह सर्वोच्च बलिदान हमें पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ देश सेवा करने की प्रेरणा देता है. बलिया पुलिस हर परिस्थिति में समाज में शांति, सौहार्द और कानून का राज स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।


इस श्रद्धांजलि सभा में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री दिनेश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री संजय वर्मा सहित, क्षेत्राधिकारी नगर श्री सतीश कुमार शर्मा सहित जिले के विभिन्न थानों के प्रभारी, भारी संख्या में पुलिसकर्मी और सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।