*विधानसभा मतदाता सूची के पुनरीक्षण की समय-सारिणी निर्धारित*
*मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी तेज, 04 जनवरी, 2027 को अंतिम प्रकाशन*
बलिया। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण और मतदेय स्थलों के सम्भाजन को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचन संबंधी तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं पुनर्स्थापन से लेकर निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन तक की समय-सारिणी निर्धारित की गई। इसके अनुसार मतदेय स्थलों का सम्भाजन एवं पुनर्स्थापन दो नवंबर तक पूरा किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर तक होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन चार जनवरी 2027 तक निर्धारित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नए मतदाताओं, विशेषकर 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के लिए 17 से 24 अक्टूबर तक विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की संख्या को लेकर भी चर्चा हुई। निर्देश दिया गया कि जिन बूथों पर 1200 से अधिक मतदाता हैं, वहां नया बूथ बनाने की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही सभी बूथों का भौतिक सत्यापन कराने पर जोर दिया गया।
भौतिक सत्यापन के दौरान मतदान केंद्र, मतदेय स्थल, मतदाताओं की संख्या, जेंडर रेशियो और ईपी रेशियो से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्वाचन संबंधी सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में सीडीओ आलोक कुमार एवं राजनैतिक दल के प्रतिनिधिगण आदि उपस्थित रहे।

.jpg)

