पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने बिजली, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने का किया आग्रह
बलिया। शारदीय नवरात्र को लेकर पूर्व मंत्री एवं बलिया नगर के पूर्व विधायक आनंद स्वरूप शुक्ल ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर जनपद में श्रद्धालुओं की सुविधा, धार्मिक स्थलों की स्वच्छता, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। 10 अक्टूबर 2026 को लिखे पत्र में उन्होंने प्रमुख मार्गों, मंदिरों, पूजा-पंडालों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास खुले में मांस, मछली, मुर्गी और अंडों की बिक्री पर रोक लगाने के साथ ही मस्जिदों में लगे लाउडस्पीकरों की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने की मांग की है। उन्होंने नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।
आनंद स्वरूप शुक्ल ने कहा कि शारदीय नवरात्र के दौरान जनपद के विभिन्न मंदिरों, दुर्गा पूजा-पंडालों और धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि स्वच्छता, बिजली, पेयजल, यातायात और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रमुख मार्गों, मंदिरों के आसपास तथा सार्वजनिक स्थानों पर खुले में मांस-मछली और अंडों की बिक्री पर रोक लगाने, संबंधित दुकानों को ढककर रखने तथा स्वच्छता मानकों का पालन कराने की मांग की है।
पूर्व मंत्री ने मस्जिदों पर स्थापित लाउडस्पीकरों एवं अन्य ध्वनि-विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल में निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों और शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप ध्वनि स्तर बनाए रखने की मांग करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों, बुजुर्गों, मरीजों और आम नागरिकों को होने वाली परेशानी से बचाया जा सकेगा।
उन्होंने नवरात्र के दौरान बिजली आपूर्ति को लेकर भी विशेष व्यवस्था करने की मांग की है। पत्र में ग्रामीण क्षेत्रों में न्यूनतम 18 घंटे और शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने का आग्रह किया गया है। साथ ही मंदिरों, पूजा-पंडालों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास बिजली व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई है। पेयजल की शुद्धता और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों तथा संबंधित ग्रामीण विभागों को निर्देशित करने, पानी की टंकियों की समय पर सफाई कराने और क्लोरीनेशन की व्यवस्था दुरुस्त रखने की मांग भी की गई है।
आनंद स्वरूप शुक्ल ने दुर्गा पूजा-पंडालों, मंदिर परिसरों और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, कूड़े का नियमित निस्तारण कराने तथा जलभराव की समस्या दूर करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी इंतजाम करने का भी अनुरोध किया, ताकि श्रद्धालु सुविधापूर्वक पूजा-अर्चना कर सकें और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
नवरात्र के दौरान फलों और पूजा सामग्री की मांग बढ़ने के कारण कीमतों में मनमानी की आशंका जताते हुए उन्होंने बाजारों की निगरानी के लिए विशेष टीम गठित करने की मांग की। उनका कहना है कि प्रशासनिक निगरानी से निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ ही श्रद्धालुओं को अनावश्यक आर्थिक परेशानी से बचाया जा सकता है।
पूर्व मंत्री ने जिलाधिकारी से बिजली विभाग, जल निगम, नगर निकायों, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा, शांति और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, जिससे जनपद में पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।



.jpg)

