बलिया : मिशन शक्ति फेज-6 का भव्य शुभारंभ, नारी सुरक्षा के लिए निकली जागरूकता रैली


डीएम ज्ञानेन्द्र सिंह और एसपी डॉ. ईरज राजा ने कलेक्ट्रेट से दिखाई हरी झंडी, 

महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का दिया संदेश

बलिया। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को जनपद में मिशन शक्ति फेज-6.0 का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कलेक्ट्रेट परिसर से महिला पुलिसकर्मियों एवं छात्राओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से नारी सुरक्षा, सम्मान, लैंगिक समानता और महिला सशक्तीकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।


रैली में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी एवं मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी दिनेश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, महिला पुलिसकर्मियों, आशा बहुओं, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कलेक्ट्रेट से शुरू हुई रैली चित्तू पांडेय चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन रोड से गुजरी और शहीद पार्क चौक पर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही समाज में नारी सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।


मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत मिशन शक्ति की पुलिस टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों, महिला कल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दे रही हैं। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक बनाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना है।


अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी जा रही है। साथ ही छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध अथवा किसी अन्य आपराधिक घटना का सामना करने पर बिना किसी भय के पुलिस से सहायता लेने और शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।


पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में सभी थाना प्रभारियों एवं मिशन शक्ति टीमों को महिलाओं और बालिकाओं से संबंधित शिकायतों को संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर सुनने तथा उन पर त्वरित और प्रभावी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने के साथ जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

इस अवसर पर एसपी डॉ. ईरज राजा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को ऐसा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसमें वे बिना किसी भय के आगे बढ़ सकें और अपने अधिकारों का उपयोग कर सकें। उन्होंने आमजन से अपील की कि महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल 112 अथवा नजदीकी थाना या चौकी को दें। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान ही समाज का सम्मान है और महिला स्वावलंबन से ही वास्तविक सशक्तीकरण संभव है।

बलिया पुलिस ने नागरिकों से मिशन शक्ति अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि महिला उत्पीड़न की किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देकर समाज को सुरक्षित बनाने में सहयोग करें। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रवीण सिंह, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना मंजू सिंह सहित महिला पुलिसकर्मी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

“सशक्त नारी—सुरक्षित समाज” के संकल्प के साथ बलिया पुलिस ने महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।