*शिक्षकों को दी गई विशेष बैंकिंग योजनाओं की जानकारी, बीमा सुरक्षा व ऋण सुविधाओं में रियायत समेत कई लाभ बताए*
बलिया। शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय बलिया-1 की ओर से गरिमापूर्ण वातावरण में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बलिया-1 क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों से आए सम्मानित शिक्षकगणों ने सहभागिता कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
समारोह में समाज एवं राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उनके अमूल्य योगदान के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना विकसित कर राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर बैंक की ओर से शिक्षकगणों के लिए उपलब्ध विशेष बैंकिंग योजनाओं एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। शिक्षकों को विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाली बीमा सुरक्षा, ऋण सुविधाओं में विशेष रियायत, लॉकर शुल्क में छूट सहित अन्य आकर्षक बैंकिंग सुविधाओं के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम में शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा गया कि राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। समारोह के अंत में उपस्थित सभी शिक्षकगणों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा समाज और राष्ट्र के निर्माण में उनके निरंतर योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।

