पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में हिमांशु राव ने संभाला जनसम्पर्क अधिकारी का कार्यभार


वाराणसी मंडल में मुख्य प्रचार निरीक्षक के रूप में निभा चुके हैं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, जनसम्पर्क और मीडिया प्रबंधन का लंबा अनुभव

लखनऊ, 09 सितम्बर 2026। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में बुधवार को श्री हिमांशु राव ने जनसम्पर्क अधिकारी के पद का कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व श्री राव पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में मुख्य प्रचार निरीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। वाराणसी मंडल में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने रेलवे की उपलब्धियों, यात्री सुविधाओं तथा जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

श्री हिमांशु राव ने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। इसके साथ ही उन्होंने टाटा इन्फोटेक से माइक्रोसॉफ्ट में डिप्लोमा किया है। रेलवे के जनसम्पर्क, मीडिया प्रबंधन, प्रचार-प्रसार एवं संचार के क्षेत्र में उन्हें दीर्घ एवं गहन अनुभव प्राप्त है। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न परिस्थितियों में रेलवे की सकारात्मक छवि को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही रेल यात्रियों और आम जनता के लिए उपयोगी जानकारियों के प्रभावी प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

श्री राव अपनी मिलनसार कार्यशैली, कुशल नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं। उनकी कार्यशैली के कारण रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच उनकी अच्छी पहचान और लोकप्रियता रही है। लखनऊ मंडल में जनसम्पर्क अधिकारी के रूप में कार्यभार संभालने के बाद उनसे रेलवे की उपलब्धियों एवं यात्री सुविधाओं को मीडिया और आमजन तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की अपेक्षा की जा रही है।