बलिया : पुलिस लाइन में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, डीएम-एसपी ने किया दीप प्रज्ज्वलित


सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, बच्चों व कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन; पुलिसकर्मियों और जनपदवासियों को दी जन्माष्टमी की शुभकामनाएं

बलिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर रिजर्व पुलिस लाइन बलिया में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन स्थित मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण का पूजन किया और सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों सहित जनपदवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।


श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा उनके परिवारीजनों को पर्व की बधाई देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।


कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं और उनके संदेश पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। नन्हे कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान पुलिस लाइन परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और पूरा परिसर श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कलाकारों एवं बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की।


श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के परिवारजन एवं स्थानीय जनमानस मौजूद रहा। सभी ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। इस अवसर पर पुलिस लाइन स्थित मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।


कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी लाइन मंजरी राव, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश शर्मा, क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता, क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार तथा प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन बलिया रामबेलास सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संगम रहा। अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने भगवान श्रीकृष्ण से जनपद में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।