*पूर्वांचल यात्रा को बलिया में युवाओं ने गर्मजोशी से किया स्वागत*
*संवैधानिक-लोकतांत्रिक अधिकारों को हासिल का लिया संकल्प*
बलिया, 19/8/2026। 9 सूत्री एजेंडा को लेकर 9 अगस्त को मिर्जापुर से शुरू हुई पूर्वांचल यात्रा के बलिया पहुंचने पर युवाओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। बलिया बलिदान दिवस पर जिला कारागार स्थित अमर शहीद राजकुमार बाघ की प्रतिमा में माल्यार्पण व शहीदों को श्रद्धांजलि के बाद बांसडीह, क्योरा, सहतवार, छाता, शंकरपुर, रेवती समेत विभिन्न स्थानों में संवाद किया गया।
19 अगस्त 1942 को बलिया को आजाद करा लेने के ऐतिहासिक मौके पर आयोजित बलिया बलिदान दिवस पर युवाओं ने संवैधानिक लोकतांत्रिक अधिकारों को हासिल करने का संकल्प लिया। संवाद में वक्ताओं ने कहा कि आज अंग्रेजी शासनकाल से भी ज्यादा असमानता है। कुछेक कारपोरेट घरानों के पास संपत्ति का केंद्रीयकरण होता जा रहा है। इसकी वजह सरकार की नीतियां हैं जो संविधान में वर्णित प्रावधानों के विरुद्ध हैं। इसलिए इन नीतियों में बदलाव की जरूरत है।
आगे कहा कि कारपोरेट घरानों के लाखों करोड़ की कर्ज माफी और रियायतों से इनकी संपत्ति में कोविड आपदा में भी बड़ी बढ़ोत्तरी हुई है। ऐसे में काली अर्थव्यवस्था पर रोक लगाने के लिए कारपोरेट पूंजी का विनियमन व नियंत्रण किया जाए, पूर्व की भांति 35 फीसद कारपोरेट कंपनियों पर टैक्स और कारपोरेट पर संपत्ति व विरासत कर जैसे उपायों से रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य व पेंशन जैसे संवैधानिक अधिकारों, रिक्त पदों पर भर्ती, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य कानून और कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के लिए पर्याप्त संसाधनों को जुटाया जा सकता है।
छात्र नेता अमन कुमार सिंह की अगुवाई में बड़ी संख्या में युवा पूर्वांचल यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने 20 सितंबर को शास्त्री घाट वाराणसी में आयोजित सम्मेलन में पहुंचने की अपील की।
वरिष्ठ छात्र नेता आशीष सिंह व उमेश मिश्रा, एडवोकेट मुन्ना साहनी, दीवान्श सिंह, संजय ने पूर्वांचल यात्रा के 9 सूत्री एजेंडा का समर्थन किया।
सचिन कुमार गोंड, अनुराग पटेल, मनीष पासवान, नीरज राजभर, अनुराग केसरी, आशीष प्रताप सिंह, अनमोल गुप्ता, अप्पू पाल, ओमकार सिंह, मनीष यादव, धर्मात्मा, रिशु पटेल, मन्नू कुमार गोंड, प्रकाश कुमार, अखिलेश यादव, अशोक कुमार समेत सैकड़ों युवा मौजूद रहे। संचालन डॉ शम्मी कुमार सिंह ने किया।
संवाद में डॉ राम प्रकाश गौतम, रोजगार अधिकार अभियान के नेशनल कोआर्डिनेटर राजेश सचान, निकेश, अर्जुन प्रसाद ने भी बात रखी।




