बलिया। दुबहड़ थाना क्षेत्र के नगवा गांव में पुरानी पट्टीदारी की रंजिश एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गई। रविवार रात करीब 8 बजे पड़ोसी के दरवाजे पर बैठे 58 वर्षीय राजदेव पाठक पर उनके ही पट्टीदार एवं पड़ोसी उत्कर्ष पाठक ने कथित तौर पर लाठी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजदेव पाठक को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक राजदेव पाठक पुत्र राम केवल पाठक निवासी नगवा अपने पड़ोसी काशी यादव के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान पुरानी पट्टीदारी के विवाद को लेकर उत्कर्ष पाठक पुत्र हरिहर पाठक (35) उनसे उलझ गया और विवाद बढ़ने पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल राजदेव पाठक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर थाना दुबहड़ में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) श्री संजय वर्मा की वीडियो बाइट👇🏻


0 Comments