गोविन्दपुर दुगौली हाल्ट पर पहली बार शुरू हुई एम-यूटीएस टिकट सेवा, प्लेटफॉर्म पर ही मिलने लगे अनारक्षित टिकट


गोरखपुर, 2 अगस्त। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल अंतर्गत गोविन्दपुर दुगौली हाल्ट स्टेशन पर पहली बार मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली (एम-यूटीएस) के माध्यम से यात्रियों को अनारक्षित टिकट जारी करने की सुविधा शुरू कर दी गई है। इस नई व्यवस्था के तहत एजेंट प्लेटफॉर्म पर भ्रमण करते हुए यात्रियों को उनके स्थान पर ही टिकट उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे टिकट लेने की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक आसान और तेज हो गई है।

रेलवे प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक एवं सुगम टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाना है। पूर्वोत्तर रेलवे में यह व्यवस्था पहली बार गोविन्दपुर दुगौली हाल्ट स्टेशन पर लागू की गई है, जिसे यात्री सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सावन माह के दौरान वाराणसी मंडल से होकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं अन्य यात्री यात्रा करते हैं। इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन ने टिकटिंग व्यवस्था को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने के लिए यह विशेष सुविधा प्रारंभ की है। इससे छोटे हाल्ट स्टेशनों पर भी यात्रियों को बिना लंबी प्रतीक्षा के त्वरित एवं सुविधाजनक टिकट उपलब्ध हो सकेगा।

मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर सुमित कुमार ने बताया कि भविष्य में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसी आधुनिक व्यवस्थाओं का विस्तार अन्य स्टेशनों पर भी किया जाएगा।