बलिया में गंगा-घाघरा का जलस्तर बढ़ा, सभी प्रमुख नदियां उफान की ओर; प्रशासन सतर्क


बलिया, 3 अगस्त 2026। अधिशासी अभियन्ता, बाढ़ खंड बलिया द्वारा जारी बाढ़ नियंत्रण कक्ष की ताजा रिपोर्ट के अनुसार जिले में गंगा एवं सरयू (घाघरा) नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि सभी प्रमुख नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं, लेकिन लगातार हो रही वर्षा और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है।

रिपोर्ट के अनुसार गंगा नदी का जलस्तर बक्सर गेज पर 52.69 मीटर से बढ़कर 52.74 मीटर तथा गायघाट गेज पर 53.02 से 53.03 मीटर दर्ज किया गया। वहीं सरयू (घाघरा) नदी का जलस्तर डीएसपी हेड गेज पर 63.21 मीटर से बढ़कर 63.35 मीटर और चांदपुर गेज पर 56.87 से 56.90 मीटर पहुंच गया। मांझी गेज पर भी जलस्तर 52.45 मीटर से बढ़कर 52.50 मीटर दर्ज किया गया।

रिपोर्ट में बताया गया है कि अधिकांश गेज स्थलों पर जलस्तर में बढ़ाव की प्रवृत्ति बनी हुई है। जिले में वर्षा होने के कारण नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। हालांकि सभी नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे हैं, लेकिन बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील तटबंधों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी तेज करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



Post a Comment

0 Comments