बलिया। आगामी महावीर जुलूस को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने गुरुवार को सिकंदरपुर कस्बे में पैदल मार्च कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने महावीर जुलूस के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया और सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थापित मूर्तियों को सुरक्षा की दृष्टि से जाली से ढंकने के निर्देश अधिशासी अधिकारी (ईओ) नगर पालिका सिकंदरपुर को दिए। साथ ही जुलूस मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महावीर मंदिर भी पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। मंदिर परिसर स्थित तालाब की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा तालाब किसके नाम दर्ज है और उससे संबंधित अभिलेखों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए उप जिलाधिकारी (एसडीएम) को निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महावीर जुलूस के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


0 Comments