अब मरीजों को कुछ ही समय में मिलेगी जांच रिपोर्ट, क्षेत्र में विकास कार्यों को मिलेगी नई गति
बांसडीह (बलिया)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बांसडीह में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में विधायक केतकी सिंह ने अत्याधुनिक प्वाइंट ऑफ केयर टेस्टिंग (पीओसीटी) लैब का फीता काटकर उद्घाटन किया। लैब के शुरू होने से अब मरीजों को आवश्यक चिकित्सीय जांच की रिपोर्ट कुछ ही समय में उपलब्ध हो सकेगी, जिससे उपचार में तेजी आएगी और ग्रामीणों को बाहर भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक केतकी सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि अस्पतालों में एक ही छत के नीचे सभी आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पीओसीटी लैब इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक ने कहा कि बांसडीह विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल, बाढ़ सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की लागत से गुणवत्ता पूर्ण विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की दो दर्जन से अधिक सड़कों के निर्माण कार्य स्वीकृत हो चुके हैं तथा उनकी टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
इसके बाद विधायक ने मैरीटार गांव में आयोजित कार्यक्रम में त्वरित विकास योजना के अंतर्गत बड़सरी जागीर, खरौनी, कुशहर तथा शिवपुर गांवों में बनने वाले सामुदायिक केंद्र भवनों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन भवनों के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान, अजय सिंह, राकेश वर्मा, अरुण सिंह, मिथिलेश तिवारी, राना कुनाल सिंह, पूनम गुप्ता, सिम्पी सिंह, डॉ. प्रणय कुनाल, डॉ. विनोद सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।



0 Comments