बलिया : मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का कल होगा शुभारंभ, गंगा बहुउद्देशीय सभागार में होगा सीधा प्रसारण


बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार, 8 जुलाई को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रातः 10 बजे वाराणसी के व्यापार केंद्र से किया जाएगा। कार्यक्रम का प्रदेश के सभी जनपदों में सजीव प्रसारण किया जाएगा।

जनपद बलिया में इस अवसर पर गंगा बहुउद्देशीय सभागार में कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की व्यवस्था की गई है, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं अन्य आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।

कार्यक्रम में प्रदेश के परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा तथा राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। साथ ही डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में सीधे धनराशि हस्तांतरित की जाएगी। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

उक्त जानकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने देते हुए बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं सजीव प्रसारण के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।



Post a Comment

0 Comments