केंद्र के 12 और प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियां गिनाएंगे मंत्री, सांसद व वरिष्ठ नेता
बलिया। केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 11 जुलाई (शनिवार) को रतसर स्थित भीखा भगत के पोखरे पर एक विशाल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई मंत्री, राज्यसभा सांसद तथा वरिष्ठ राजनीतिक नेता जनता से सीधे संवाद कर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देंगे।
इस संबंध में पूर्व मंत्री नारद राय के चंद्रशेखर नगर स्थित आवास पर आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री नारद राय और सुभासपा के प्रदेश प्रवक्ता सुनील सिंह ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि यह जन संवाद कार्यक्रम सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को सीधे जनता के बीच रखने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सुभासपा प्रदेश प्रवक्ता सुनील सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग के हित में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को लाभ पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता को भ्रमित करने और गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से तथ्यात्मक जानकारी सीधे जनता तक पहुंचाई जाएगी, ताकि लोग स्वयं सरकार के कार्यों का आकलन कर सकें।
वहीं पूर्व मंत्री नारद राय ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्ष द्वारा संविधान बदलने जैसे मुद्दों को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया था। उन्होंने कहा कि केंद्र में पुनः सरकार बनने के बावजूद संविधान में कोई बदलाव नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जन संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य जनता के सामने सरकार की उपलब्धियों और वास्तविक तथ्यों को मजबूती से रखना है, जिससे किसी भी प्रकार के भ्रम और दुष्प्रचार का प्रभाव समाप्त हो सके।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर होंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, पूर्व सांसद रवींद्र कुशवाहा सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं राजनीतिक नेता कार्यक्रम में शामिल होकर जनता को संबोधित करेंगे।
जन संवाद कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग देने के लिए भोजपुरी लोक संस्कृति से जुड़े लोकप्रिय कलाकार गोलू राजा, सनी पांडेय और भावना सिंह अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का संचालन सुभासपा प्रदेश प्रवक्ता सुनील सिंह करेंगे।
प्रेसवार्ता के अंत में पूर्व मंत्री नारद राय एवं सुभासपा प्रदेश प्रवक्ता सुनील सिंह ने जिले के सभी पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में पहुंचकर जन संवाद का व्यापक कवरेज करने का आग्रह किया। आयोजकों ने दावा किया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी होगी और यह सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।


0 Comments