बलिया। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच जिला चिकित्सालय बलिया के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. संतोष कुमार सिंह ने जनपदवासियों से हीट वेव (लू) के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है। समय रहते सावधानी बरतकर हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन तथा अन्य गर्मी जनित बीमारियों से बचा जा सकता है।
डॉ. सिंह ने बताया कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप सबसे अधिक तीव्र रहती है। इस दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। यदि किसी आवश्यक कार्य से बाहर जाना पड़े तो सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढंककर निकलें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी न होने दें। दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी, छाछ, लस्सी, ओआरएस घोल, नारियल पानी और मौसमी फलों का सेवन करना चाहिए। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों तथा पहले से बीमार व्यक्तियों को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।
क्या करें
👉 दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं।
👉 घर से निकलते समय सिर को ढंककर रखें।
👉 हल्के रंग के सूती और ढीले कपड़े पहनें।
👉 ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी और नारियल पानी का सेवन करें।
👉 तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी और अन्य रसदार फलों का सेवन करें।
👉 बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
👉 अत्यधिक पसीना आने पर पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति करें।
क्या न करें
▶️ दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में न निकलें।
▶️ लंबे समय तक खाली पेट न रहें।
▶️ बंद वाहन में बच्चों या बुजुर्गों को अकेला न छोड़ें।
▶️ अत्यधिक शारीरिक श्रम या व्यायाम तेज धूप में न करें।
▶️ शरीर में पानी की कमी के संकेतों को नजरअंदाज न करें।
▶️ शराब, धूम्रपान और अत्यधिक कैफीन युक्त पेय पदार्थों का सेवन न करें।
इन खाद्य पदार्थों से करें परहेज
डॉ. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम में अत्यधिक तला-भुना, मसालेदार एवं भारी भोजन से बचना चाहिए। अधिक तेल वाले खाद्य पदार्थ, फास्ट फूड, बासी भोजन तथा अत्यधिक मीठे और कार्बोनेटेड शीतल पेय पदार्थ शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं। ऐसे खाद्य पदार्थों के बजाय ताजे फल, हरी सब्जियां और हल्का सुपाच्य भोजन लेना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है।
हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखें तो तुरंत लें चिकित्सकीय सलाह
डॉ. सिंह ने बताया कि तेज बुखार, चक्कर आना, सिरदर्द, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी, बेहोशी या भ्रम की स्थिति हीट स्ट्रोक के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर मरीज को तुरंत ठंडी जगह पर ले जाएं, शरीर को ठंडा करने का प्रयास करें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक से तत्काल संपर्क करें।
उन्होंने कहा कि हीट वेव के दौरान थोड़ी सी लापरवाही गंभीर स्वास्थ्य संकट का कारण बन सकती है, इसलिए सभी नागरिक सतर्क रहें और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करें।

0 Comments