बलिया : खाकी के तीन प्रहरी सम्मान के साथ हुए विदा, विभाग ने दी भावुक विदाई


क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार ने प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिन्ह, घड़ी, सूटकेस व अंगवस्त्र भेंट कर किया सम्मानित

बलिया। पुलिस विभाग में वर्षों तक ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं देने वाले तीन पुलिसकर्मियों को मंगलवार, 30 जून 2026 को सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। पुलिस लाइन बलिया में आयोजित सेवानिवृत्ति समारोह में क्षेत्राधिकारी सदर श्री अक्षय कुमार ने सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारी को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिन्ह, घड़ी, सूटकेस एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनके उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना की तथा उनके सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध भविष्य की कामना की।

समारोह के दौरान जनपद बलिया से उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) सूबेदार यादव, पुलिस लाइन बलिया से उपनिरीक्षक (सशस्त्र पुलिस) ओमकार सिंह तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ओमप्रकाश सिंह अधिवर्षता आयु पूर्ण कर पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए। अपने लंबे सेवाकाल में तीनों अधिकारियों एवं कर्मचारी ने कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और पूरी लगन के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया, जिसके लिए उन्हें सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में क्षेत्राधिकारी सदर श्री अक्षय कुमार ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। सेवानिवृत्त हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने उत्कृष्ट कार्यों, अनुशासन और समर्पण के कारण विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण जीवन की मंगलकामना करते हुए कहा कि विभाग उनकी सेवाओं और योगदान को सदैव याद रखेगा।

इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक श्री राम बेलास सहित उपस्थित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सेवानिवृत्त साथियों को पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाएं देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का वातावरण आत्मीयता, सम्मान और भावुक क्षणों से भर उठा। सभी ने सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान को याद करते हुए उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना की तथा उनके सम्मान में तालियों की गड़गड़ाहट के बीच भावभीनी विदाई दी।



Post a Comment

0 Comments