मोहर्रम को लेकर अलर्ट मोड में बलिया पुलिस : एसपी ओमवीर सिंह ने संभाली कमान, शहर में किया फ्लैग मार्च


मिश्रित आबादी वाले इलाकों, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर सघन चेकिंग, धर्मगुरुओं से संवाद कर शांति-सौहार्द बनाए रखने की अपील

बलिया। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बलिया पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रही है। कानून एवं शांति व्यवस्था को अक्षुण्य बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के नेतृत्व में बुधवार को शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में व्यापक रूट मार्च एवं पैदल गश्त किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं वस्तुओं की सघन जांच भी कराई गई।


पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा तथा कोतवाली पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, बाजारों, चौराहों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल भ्रमण किया। रूट मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया तथा लोगों को यह संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं धर्मगुरुओं से मुलाकात कर आपसी भाईचारा, सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम सहित सभी धार्मिक पर्व सामाजिक समरसता और सद्भाव के प्रतीक हैं, इसलिए सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


इस दौरान मस्जिदों के आसपास, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस टीम ने कई स्थानों पर वाहनों की जांच की तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की। साथ ही शरारती एवं असामाजिक तत्वों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि त्योहारों के दौरान माहौल खराब करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी, पैदल गश्त और चेकिंग अभियान जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।


मोहर्रम को लेकर पुलिस की सक्रियता और सतर्कता से आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है तथा प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



Post a Comment

0 Comments