बलिया : आज से शिवमय होगा बाबा बालखंडी नाथ धाम, पं. प्रदीप मिश्रा की कथा सुनने उमड़ेगा लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब


बलिया। जनपद के ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा बालखंडी नाथ धाम में मंगलवार से आरंभ हो रही श्री शिव महापुराण कथा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और भक्ति का वातावरण है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के संकल्प और जनसहयोग से आयोजित इस विराट धार्मिक आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कथा प्रारंभ होने से पहले ही श्रद्धालुओं का आगमन तेज हो गया है और पहले दिन से ही लाखों भक्तों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

पं. प्रदीप मिश्रा की अमृतवाणी सुनने दूर-दूर से पहुंच रहे श्रद्धालु

अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शिवमहापुराण कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा सुनने के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार सहित कई राज्यों से श्रद्धालु बलिया पहुंच रहे हैं। शिवभक्ति और जीवन मूल्यों से परिपूर्ण उनकी कथाएं देशभर में करोड़ों लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान कर रही हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि उनकी कथा जीवन को नई दिशा देने का माध्यम बनती है।

50 एकड़ में तैयार हुआ भव्य कथा परिसर

कथा आयोजन के लिए लगभग 50 एकड़ भूमि में विशाल परिसर तैयार किया गया है। कथा वाचन हेतु 40×80 फीट का भव्य मंच बनाया गया है, जबकि लगभग एक लाख श्रद्धालुओं के बैठने की क्षमता वाला विशाल पंडाल तैयार किया गया है। पूरे परिसर को आकर्षक सजावट, विद्युत रोशनी और धार्मिक प्रतीकों से सजाया गया है, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय दिखाई दे रहा है।

पूजा, यज्ञ और कथा से गूंजेगा पूरा धाम

आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन सुबह विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद शिवमहापुराण कथा का श्रवण होगा। कथा शुरू होने से पहले ही हजारों श्रद्धालु धाम पहुंच चुके हैं और पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज रहा है।

श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल और ठहरने की विशेष व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोजन, नाश्ता, पेयजल, चिकित्सा और ठहरने की व्यापक व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन एक लाख से अधिक लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। पेयजल के लिए दर्जनों टैंकर लगाए गए हैं तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए अस्थायी शौचालयों का निर्माण कराया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

कथा में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस बल, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात की गई हैं। साथ ही आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का बनेगा विराट संगम

मंगलवार से शुरू हो रही श्री शिव महापुराण कथा के साथ बाबा बालखंडी नाथ धाम में भक्ति का महासागर उमड़ने जा रहा है। जब पं. प्रदीप मिश्रा की वाणी से शिवमहापुराण की अमृतधारा बहेगी, तब पूरा क्षेत्र शिवभक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आएगा।

श्री शिवाय नमस्तुभ्यं 🙏 



Post a Comment

0 Comments