बांसडीह में फिर बरसेगा भक्ति का अमृत, श्रीराम कथा महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज
बलिया। जनपद के बांसडीह विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बेरूआरबारी स्थित बाबा भगवान दास मंदिर, करिहरा में 22 जून से 30 जून 2026 तक नौ दिवसीय भव्य श्रीराम कथा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। बाबा अमरनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध कथावाचक परम पूज्य श्री राजन जी महाराज प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का दिव्य रसपान कराएंगे। कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग, भक्ति और धर्म के संदेशों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा।
श्रीराम कथा को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कथा स्थल पर विशाल पंडाल, श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। आयोजन समिति युद्ध स्तर पर व्यवस्थाओं को पूर्ण करने में जुटी हुई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उल्लेखनीय है कि इसी माह बाबा बालखंडी नाथ धाम, दिउली में आयोजित शिव महापुराण कथा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया था। अब करिहरा में आयोजित होने जा रही श्रीराम कथा को लेकर भी क्षेत्र सहित जनपद के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती देगा, बल्कि समाज में नैतिक मूल्यों और संस्कारों के प्रसार का भी माध्यम बनेगा।
आयोजन समिति ने जनपदवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से परिवार सहित कथा में पहुंचकर प्रभु श्रीराम की कृपा प्राप्त करने तथा धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।


0 Comments