हाथी-घोड़े, बाजे-गाजे और जय श्रीराम के उद्घोष से भक्तिमय हुआ करीहरा-बेरूआरबारी, राजन जी महाराज की कथा सुनने उमड़े श्रद्धालु
बांसडीह (बलिया)। बाबा अमरनाथ सेवा समिति, करीहरा-बेरूआरबारी के तत्वावधान में आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित श्रीराम कथा महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को भव्य एवं ऐतिहासिक कलश यात्रा के साथ हुआ। अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कथावाचक राजन जी महाराज के श्रीमुख से होने वाली श्रीराम कथा के प्रथम दिवस पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का ऐसा अद्भुत संगम देखने को मिला कि पूरा क्षेत्र राममय हो उठा। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में निकली कलश यात्रा ने धार्मिक आस्था का नया इतिहास रच दिया।
यज्ञ स्थल से निकली भव्य शोभायात्रा में 2100 कलशधारी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। हाथी, घोड़े, आकर्षक झांकियां, पारंपरिक बाजे-गाजे और जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोषों के बीच यात्रा क्षेत्र के प्रसिद्ध बाबा शोकहरण नाथ मंदिर पहुंची, जहां मंदिर परिसर स्थित पवित्र पोखरे से श्रद्धालुओं ने जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल की ओर प्रस्थान किया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें और भक्ति गीतों की स्वर लहरियां वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भरती रहीं।
कलश यात्रा के दौरान विद्वान संत परितोष चैतन्य जी महाराज के वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम, माता सीता और हनुमान जी के जयघोषों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। गांव-गांव से आए महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी आस्था का परिचय दिया।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन की ओर से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। वहीं समाजसेवी उपेंद्र सिंह मुकुंदी एवं सौरभ रंजन सिंह द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल और शरबत की विशेष व्यवस्था की गई, जिसकी लोगों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए डॉ. सुबे लाल चौहान अपनी चिकित्सकीय टीम के साथ पूरे समय मुस्तैद रहे और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराते रहे। समिति के स्वयंसेवकों ने भी यात्रा को सुव्यवस्थित बनाने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में समिति के प्रमुख सदस्य राकेश सिंह, सुनील सिंह, राजू शर्मा, शैलेंद्र राजभर, चंदन राजभर, विनय कुमार सिंह, राकेश महाजन, बालेन्दु रजक, दीपु सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत कर अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
श्रीराम कथा महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही करीहरा-बेरूआरबारी सहित आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक उल्लास का वातावरण व्याप्त हो गया है। श्रद्धालुओं में राजन जी महाराज की कथा श्रवण को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। आगामी दिनों में कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति, अध्यात्म और राम नाम के रस में सराबोर रहेगा।


0 Comments