आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं का होगा साक्षात्कार, चयनित अभ्यर्थियों को मिलेगा 19,500 रुपये मासिक वेतन
बलिया। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का बेहतरीन अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला सेवायोजन कार्यालय, बलिया द्वारा 05 जून 2026 को राजकीय आईटीआई, रामपुर उदयभान (बलिया) परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में सुजुकी मोटर्स गुजरात के लिए योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया जाएगा।
रोजगार मेले में मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, ट्रैक्टर मैकेनिक, फीटर, मशीनिस्ट, टर्नर, वायरमैन, शीट मेटल तथा इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक ट्रेड से आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के अनुरूप लगभग 19,500 रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा।
अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 26 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित युवाओं की नियुक्ति गुजरात के अहमदाबाद स्थित कार्यस्थल पर की जाएगी। रोजगार मेले के माध्यम से कंपनी द्वारा योग्य उम्मीदवारों का सीधे साक्षात्कार लेकर चयन किया जाएगा।
जिला सेवायोजन कार्यालय ने बताया है कि रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक सभी अभ्यर्थियों का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आईटीआई अंकपत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन एवं सेवायोजन विभाग ने अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से इस रोजगार मेले में प्रतिभाग कर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।


0 Comments