बलिया। जनपद में शनिवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में सराफा एवं बुलियन व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक का उद्देश्य वर्तमान अंतरराष्ट्रीय आर्थिक परिस्थितियों, विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव तथा स्वर्ण आयात में संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर चर्चा करना रहा।
अधिकारियों ने कहा कि भारत विश्व के प्रमुख स्वर्ण आयातक देशों में शामिल है और हर वर्ष बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा डॉलर के रूप में सोने के आयात पर खर्च होती है। इससे डॉलर की मांग लगातार बढ़ रही है, जिसका सीधा असर देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहा है।
बैठक में मौजूद व्यापारियों से अपील की गई कि वे जिम्मेदार नागरिक एवं सजग व्यापारी की भूमिका निभाते हुए स्वर्ण एवं रजत के ईंट-बिस्कुट की अनावश्यक खरीद-बिक्री और निवेश से बचें, ताकि सोने के आयात में कमी लाई जा सके और विदेशी मुद्रा की बचत हो सके।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि ज्वैलरी एवं गहनों की सामान्य बिक्री पूर्ववत जारी रहेगी तथा इस संबंध में किसी भी प्रकार की भ्रांति फैलाने से बचने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में सराफा मंडल बलिया के अध्यक्ष सुनील सर्राफ, महासचिव अशोक कुमार, कोषाध्यक्ष विजय कुमार वर्मा, विश्वनाथ वर्मा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे। वहीं राज्य कर विभाग की ओर से उपायुक्त बजरंगी यादव, अनिल कुमार, सुजीत यादव तथा सहायक आयुक्त विनय कुमार दूबे उपस्थित रहे।


0 Comments