बलिया, 02 मई। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक एवं बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने शनिवार को बलिया में आयोजित एक प्रेस वार्ता में निषाद आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र और राज्य की राजनीति को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वे पिछले 11 वर्षों से उत्तर प्रदेश में निषाद समाज के आरक्षण की लड़ाई लड़ रहे हैं और इसी संघर्ष के कारण भारतीय जनता पार्टी ने बिहार में उनके विधायकों को तोड़ने का प्रयास किया।
सहनी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चाहे संजय निषाद हों या वे स्वयं, कोई भी नेता अपने दम पर नहीं बना है, बल्कि निषाद समाज के समर्थन से ही उन्हें पहचान और ताकत मिली है। उन्होंने बताया कि वे पहली बार वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश आए थे और 2021 में उन्होंने यहां अपनी राजनीतिक गतिविधियों को और मजबूती दी। इसी दौरान संजय निषाद के भाजपा के साथ जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनके लिए समाज से ज्यादा परिवार प्राथमिकता बन गया है।
मुकेश सहनी ने दावा किया कि भाजपा संजय निषाद की “राजनीतिक हत्या” करने की तैयारी में है और आगामी 2027 के चुनाव में उनका राजनीतिक भविष्य संकट में पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि वीआईपी उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है और आने वाले चुनाव में पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।
सहनी ने संजय निषाद को “बड़ा भाई” बताते हुए उन्हें नसीहत दी कि वे निषाद समाज के हक और अधिकार के लिए ईमानदारी से संघर्ष करें। उन्होंने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वीआईपी पार्टी 25 जुलाई से 101 दिनों की जनजागरण यात्रा शुरू करेगी, जिसके माध्यम से प्रदेशभर में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में उन्होंने संजय निषाद को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे छह महीने के भीतर भाजपा से निषाद समाज के लिए आरक्षण सुनिश्चित कराएं, अन्यथा भाजपा का साथ छोड़कर इंडिया गठबंधन में शामिल हों। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे में वे स्वयं उनके नेतृत्व में काम करने को तैयार रहेंगे।
इसके साथ ही सहनी ने चुनावी रणनीति का खुलासा करते हुए कहा कि पार्टी को जो भी सीटें मिलेंगी, उनमें से 90 प्रतिशत टिकट निषाद समाज के लोगों को दिए जाएंगे। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना है, जनता के हितों से उसका कोई सरोकार नहीं है।
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजा राम बिंद, कमलेश वर्मा, श्रीकांत चौधरी, सोनू गौतम, सियाराम बिंद, अजय साहनी, रवीन्द्र निषाद समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




0 Comments