सारनाथ स्टेशन व समपार फाटक का डीआरएम ने किया सघन निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और संरक्षा व्यवस्थाओं की परखी हकीकत


वाराणसी, 02 मई 2026। वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने शनिवार को सारनाथ स्टेशन का निरीक्षण कर रेलवे की संरक्षा और यात्री सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन की परिचालन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं का गहन परीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने स्टेशन पैनल, ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट, क्रैंक हैंडिल, वीडर काउंटर, विफलता एवं कैंसिलेशन रजिस्टर के साथ-साथ संरक्षा पुस्तिका का अवलोकन किया। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक से संवाद कर स्टेशन पर संचालित परिचालन व्यवस्था की जानकारी ली और उसकी कार्यप्रणाली को समझा।


इसके बाद उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान यात्री शेड, बैठने की बेंच, पेयजल की व्यवस्था (वाटर बूथ), प्लेटफॉर्म, शौचालय, पैदल उपरिगामी पुल (FOB), स्टेशन पर लगे पंखे एवं प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण कर उनकी स्थिति का आकलन किया।


इससे पूर्व डीआरएम ने वाराणसी सिटी–सारनाथ रेल खंड पर स्थित समपार संख्या 19C का भी संरक्षा निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बूम लॉक, हाइट गेज, गेट फोन, गेट सिग्नल, सेफ्टी उपकरण तथा सड़क की सतह की जांच की। साथ ही समपार पर तैनात गेटमैन के सक्षमता प्रमाण पत्र एवं पीएमई (PME) प्रमाण पत्र की जांच करते हुए उनके संरक्षा संबंधी ज्ञान का भी परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक सहित वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। उक्त जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार द्वारा प्रदान की गई।



Post a Comment

0 Comments