बलिया : स्वजनगणना को लेकर पूर्वांचल जर्नलिस्ट संगठन का जागरूकता अभियान


बलिया। पूर्वांचल जर्नलिस्ट संगठन, बलिया (उत्तर प्रदेश) द्वारा स्वजनगणना को लेकर जनपदवासियों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जनजागरण अभियान चलाया गया। संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने लोगों से स्वयं जनगणना करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। अभियान के तहत संगठन के सदस्य घर-घर जाकर लोगों को स्वजनगणना के महत्व की जानकारी देंगे तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास करेंगे।

संगठन के जिला अध्यक्ष सवेन्द्र विक्रम सिंह एवं महामंत्री रत्नेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के सदस्यों ने सामूहिक रूप से स्वजनगणना कर लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया। इस दौरान संगठन की ओर से बताया गया कि जनपद में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर लगभग 50 हजार लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिला अध्यक्ष सवेन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि स्वजनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में जिला प्रशासन का सहयोग करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सही एवं सटीक जानकारी से ही योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंच पाता है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्वयं आगे आकर जनगणना प्रक्रिया में भाग लें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

महामंत्री रत्नेश सिंह ने कहा कि स्वजनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अभियान है। इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूक और जिम्मेदार समाज ही मजबूत राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकार विवेक जायसवाल, अमित, रोहित, सादिक अहमद, रामकृष्ण सिंह सेंगर, आरिफ अंसारी, अब्दुल रहमान, अखिलेश सैनी, अजय, अभिषेक मिश्रा सहित संगठन के अनेक सदस्य एवं पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में स्वजनगणना अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।


Post a Comment

0 Comments