बलिया। इंडियन रेडक्रास सोसायटी के विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला अस्पताल बलिया स्थित रक्त बैंक में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन इण्डियन रेडक्रॉस सोसायटी, नागरिक सुरक्षा कोर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बलिया के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिल कुमार रहे। उनका स्वागत सीएमएस डॉ. सुजीत कुमार एवं प्रभारी सीएमओ/सचिव डॉ. मंजू रानी ने बुके भेंट कर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने फीता काटकर रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। उद्घाटन के दौरान उपस्थित लोगों ने मानव सेवा और रक्तदान के महत्व पर जोर दिया।
अपने संबोधन में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि “रक्तदान महादान है और इससे बड़ा कोई दान नहीं हो सकता। एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जिंदगी बचाने में सहायक होता है। रक्तदान न केवल मानवता की सेवा है, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।” उन्होंने इस आयोजन के लिए इण्डियन रेडक्रॉस सोसायटी, नागरिक सुरक्षा कोर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बलिया के संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी युवाओं और महादानियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम के दौरान सभी रक्तदाताओं को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
सीएमएस डॉ. सुजीत कुमार ने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी समय-समय पर इस तरह के सामाजिक और मानवीय कार्यक्रम आयोजित करती रहती है, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई सेवा नहीं है और युवाओं को आगे आकर इस पुनीत कार्य में भाग लेना चाहिए।
शिविर में कुल 11 लोगों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। रक्तदान करने वालों में आशुतोष कुमार, अनुपम सिंह, राहुल शर्मा, मंटू प्रसाद, सुरेन्द्र सिंह खालसा, मधुसूदन सिंह, नितेश पाठक, अविनाश सिंह नन्दन और दीपक कुमार तिवारी प्रमुख रहे। विशेष बात यह रही कि नितेश पाठक एवं अविनाश सिंह नन्दन ने पहली बार रक्तदान किया, जिसके लिए उन्हें विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. वसुंधरा, डॉ. रितेश सोनी, डॉ. आकांक्षा जायसवाल, डॉ. पी.के. उपाध्याय, जी.के. दुबे, सभापति विजय शर्मा, जिला समन्वयक एवं कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, कृष्णकांत पाठक, जितेन्द्र सिंह, शशिकांत ओझा, सोनी यादव, जिला आपदा विशेषज्ञ पीयूष सिंह, शकील अंसारी, विनय यादव, संतोष तिवारी, पप्पू यादव, कमलेश कुमार पांडेय, श्यामजी सिंह, कुसुम देवी, रीना देवी, प्रतीक सिंह, संजय श्रीवास्तव, शैलेश श्रीवास्तव, श्यामजी रौनियार एवं आदित्य तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
विश्व रेड क्रॉस दिवस पर आयोजित यह रक्तदान शिविर मानवता, सेवा और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला साबित हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद का संदेश भी दिया गया।




0 Comments