बलिया : संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के सातवें दिन स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर विशेष व्याख्यान आयोजित


बलिया, 27 मई 2026। 93 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के सातवें दिन कैडेट्स के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. नीतू यादव ने कैडेट्स को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।

अपने संबोधन में डॉ. नीतू यादव ने गर्मी के मौसम में बढ़ते हीट वेव के प्रभाव, उससे बचाव के उपाय, फूड पॉइजनिंग से होने वाले खतरे तथा स्वच्छ वातावरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अत्यधिक गर्मी में शरीर को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, संतुलित एवं ताजा भोजन करना तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है।


उन्होंने कैडेट्स को जागरूक करते हुए कहा कि दूषित भोजन और अस्वच्छ वातावरण कई गंभीर बीमारियों को जन्म देते हैं, इसलिए व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखना भी सभी की जिम्मेदारी है।

व्याख्यान के दौरान कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. यादव ने सरल एवं संतोषजनक उत्तर दिया। इस जानकारीपूर्ण सत्र से कैडेट्स को स्वास्थ्य सुरक्षा एवं स्वच्छ जीवनशैली के प्रति नई प्रेरणा मिली।

इस अवसर पर शिविर कमांडेंट कर्नल अनुराग तिवारी, डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल रविंद्र किंग्रा, सूबेदार मेजर दिनेश कुमार, सूबेदार राम निशांत सिंह, सूबेदार विजय कुमार, ए.एन.ओ. लेफ्टिनेंट हरिश्चंद्र पटेल, लेफ्टिनेंट आर.पी. शुक्ला, लेफ्टिनेंट अमित कुमार, लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज कुमार सिंह, वरिष्ठ सहायक हेमंत कुमार, वरिष्ठ सहायक राजेश कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ सहायक आर्यन सिंह एवं उमर कुरेशी सहित शिविर का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।



Post a Comment

0 Comments