करीमुद्दीनपुर स्टेशन का डीआरएम आशीष जैन ने किया निरीक्षण, हाई मास्ट लाइट व कोच इंडिकेशन बोर्ड लगाने के निर्देश


वाराणसी, 01 मई 2026। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी श्री आशीष जैन ने अपने एक दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान मंडलीय अधिकारियों के साथ वाराणसी सिटी–फेफना रेलखंड के अंतर्गत करीमुद्दीनपुर रेलवे स्टेशन का संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन की परिचालन व्यवस्था, संरक्षा मानकों और यात्री सुविधाओं का गहन जायजा लिया।


स्टेशन निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने करीमुद्दीनपुर स्टेशन के पैनल, ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट, क्रैंक हैंडल, वीडर काउंटर, विफलता एवं कैंसिलेशन रजिस्टर तथा संरक्षा पुस्तिका का अवलोकन किया और स्टेशन अधीक्षक से परिचालन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने संरक्षा से जुड़े सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


इसके उपरांत उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए यात्री शेड, बेंच, वाटर बूथ, प्लेटफॉर्म, शौचालय, पैदल उपरिगामी पुल, पंखे एवं प्रकाश व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में हाई मास्ट लाइट लगाने तथा प्लेटफॉर्म पर कोच इंडिकेशन बोर्ड स्थापित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।


इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शेख रहमान, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्री विनीत कुमार, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री एम. रमेश कुमार, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री रजत प्रिय, मंडल विद्युत इंजीनियर श्री दीपक यादव, मंडल परिचालन प्रबंधक श्री रमेश पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने दी।



Post a Comment

0 Comments