वाराणसी मंडल में डीआरएम आशीष जैन का सघन निरीक्षण, यात्री सुविधाओं व संरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश


वाराणसी, 01 मई 2026। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी श्री आशीष जैन ने आज मंडलीय अधिकारियों के साथ वाराणसी सिटी–फेफना रेलखंड सहित फेफना एवं चितबड़ागांव रेलवे स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था और संरक्षा मानकों की गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के क्रम में डीआरएम फेफना रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, पैदल उपरिगामी पुल, पार्सल कार्यालय, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, वाटर बूथ सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी प्लेटफार्मों पर पर्याप्त शेड, पंखे एवं वॉटर कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर कार्य में तेजी लाने को कहा।


इसके बाद उन्होंने स्टेशन की परिचालन व्यवस्था, स्टेशन पैनल, रिले रूम, आईपीएस रूम, अग्निशमन यंत्र, सुरक्षा उपकरण, सेफ्टी लॉक, पॉइंट्स एंड क्रॉसिंग, केबल मैगरिंग एवं अनुरक्षण रजिस्टरों की गहन जांच की और संरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन पर जोर दिया। फेफना यार्ड में पॉइंट्स संख्या 202A एवं 204B का निरीक्षण करते हुए गेज परीक्षण और फेल-सेफ प्रणाली की भी जांच की गई।

माल यातायात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डीआरएम ने फेफना गुड्स शेड का निरीक्षण किया और उसकी क्षमता वृद्धि एवं आधुनिकीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था, साइडिंग सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, साथ ही गुड्स शेड की सुरक्षा सुदृढ़ करने एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।


इसके उपरांत डीआरएम ने चितबड़ागांव रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने स्टेशन पैनल, ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट, क्रैंक हैंडल, रजिस्टरों एवं परिचालन व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही यात्री सुविधाओं जैसे शेड, बेंच, वाटर बूथ, शौचालय, प्लेटफॉर्म, पंखे और लाइट की स्थिति का जायजा लिया तथा साफ-सफाई एवं रखरखाव में सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान चितबड़ागांव–करीमुद्दीनपुर खंड के समपार संख्या 23-C पर भी संरक्षा जांच की गई। यहां डीआरएम ने बूम लॉक, हाइट गेज, सुरक्षा उपकरणों एवं सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया तथा गेटमैन के प्रमाण पत्र एवं संरक्षा ज्ञान की जांच की।


इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शेख रहमान, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्री विनीत कुमार, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री एम. रमेश कुमार, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री रजत प्रिय, मंडल विद्युत इंजीनियर श्री दीपक यादव, मंडल परिचालन प्रबंधक श्री रमेश पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने दी।



Post a Comment

0 Comments