गोरखपुर, 18 मई 2026। पूर्वोत्तर रेलवे के सिगनल एवं दूरसंचार विभाग द्वारा ‘विश्व दूरसंचार एवं सूचना समाज दिवस-2026’ के अवसर पर गोरखपुर स्थित सभा कक्ष ‘मंथन’ में ‘‘डिजिटल लाइफलाइन्सः एक जुड़ी हुई दुनिया में लचीलेपन को सुदृढ़ बनाना’’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य सिगनल एवं दूर संचार इंजीनियर श्री मुरारी लाल मकवाना रहे। इस अवसर पर मुख्य सिगनल इंजीनियर सौरभ श्रीवास्तव, मुख्य संचार इंजीनियर विराट गुप्ता, आईटीएम गीडा गोरखपुर के निदेशक, एफआईई एवं आईईआई गोरखपुर स्थानीय केंद्र के अध्यक्ष डॉ. एन.के. सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने आधुनिक जीवन में दूरसंचार की बढ़ती भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी आधारित सभी एप्लीकेशनों की मूल आधारशिला दूरसंचार प्रणाली है। इस दौरान साइबर अटैक, आपदा प्रबंधन, डेटा सेंटर, क्लाउड कम्प्यूटिंग तथा डिजिटल सुरक्षा से जुड़े ‘क्या करें और क्या न करें’ विषयों पर भी विशेषज्ञों ने जानकारी दी।
कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और 6जी तकनीक के नवाचारों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य संचार इंजीनियर विराट गुप्ता ने रेलवे में उपयोग हो रही आधुनिक दूरसंचार तकनीकों, विशेषकर ‘कवच’ प्रणाली पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। उन्होंने रेल संरक्षा में कवच तकनीक की उपयोगिता तथा रेलवे के नए दूरसंचार नेटवर्क और एआई आधारित प्रयोगों की जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कम्प्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर राकेश कुमार ने भी डिजिटल तकनीकों और साइबर सुरक्षा पर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को आधुनिक दूरसंचार तकनीकों, डिजिटल सुरक्षा और भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के प्रति जागरूक किया गया। यह जानकारी मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार द्वारा दी गई।


0 Comments