बलिया : एनसीसी कैडेट्स ने दिखाया जोश, अनुशासन और दमखम


संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में निशानेबाजी और खेल प्रतियोगिताओं ने बांधा समां, फायरिंग रेंज से खेल मैदान तक गूंजा उत्साह

रसड़ा (बलिया)। बाबा रामदल सूरजदेव स्मारक पीजी कॉलेज पकवाइनार, रसड़ा में आयोजित 93 यूपी बटालियन एनसीसी के दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-282 के छठवें दिन बुधवार को कैडेट्स का उत्साह, अनुशासन और जोश देखने लायक रहा। सुबह फायरिंग रेंज में जहां कैडेट्स ने .22 राइफल से सटीक निशाना लगाकर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया, वहीं दोपहर बाद खेल मैदान में फुटबॉल, वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताओं के दौरान टीम भावना और फिटनेस का शानदार परिचय दिया गया।

शिविर की शुरुआत प्रतिदिन की भांति पीटी एवं ड्रिल से हुई। इसके बाद कैंप कमांडेंट कर्नल अनुराग तिवारी एवं डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल रविंदर किंगरा के निर्देशन में महाविद्यालय परिसर स्थित फायरिंग रेंज में निशानेबाजी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में शामिल कैडेट्स ने पूरे आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ निशाने साधे तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी क्षमता का परिचय दिया। फायरिंग अभ्यास के दौरान कैडेट्स को सुरक्षा मानकों, हथियार संचालन तथा अनुशासन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।


कैंप कमांडेंट कर्नल अनुराग तिवारी ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास का मजबूत मंच है। उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित होती है। फायरिंग एवं खेल जैसी गतिविधियां कैडेट्स को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाती हैं तथा विपरीत परिस्थितियों में भी बेहतर निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करती हैं।

दोपहर बाद आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। फुटबॉल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने तेज गति और शानदार तालमेल का प्रदर्शन किया, जबकि वॉलीबॉल मैच में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की फुर्ती, ताकत और रणनीति ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। पूरे मैदान में तालियों और उत्साहवर्धन की गूंज सुनाई देती रही।

शिविर के दौरान अनुशासन और ऊर्जा से भरपूर माहौल ने यह साबित कर दिया कि एनसीसी देश के युवाओं को जिम्मेदार, सक्षम और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

इस अवसर पर मेजर राजप्रकाश सिंह, कैप्टन अजय प्रताप सिंह, लेफ्टिनेंट हरिश्चंद्र पटेल, लेफ्टिनेंट पंकज सिंह, डॉ. अब्दुलरब, संजय कुमार यादव, सूबेदार मेजर दिनेश कुमार, रामनिशान सिंह, सूबेदार विजय कुमार, सूबेदार निर्मल थापा, सूबेदार दिलीप कुमार, हेमंत कुमार, आर्यन सिंह, राजेश कुमार श्रीवास्तव, मोहम्मद उमर कुरैशी, निक्की प्रजापति सहित सभी पीआई स्टाफ, सिविल स्टाफ एवं जीसीआई उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments