वाराणसी मंडल : परिचालन विभाग बना T-20 चैंपियन, 193 रन से शानदार जीत


वाराणसी, 25 अप्रैल 2026। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देश एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी श्री बलेन्द्र पाल के नेतृत्व में वाराणसी मंडल क्रीड़ा स्थल पर आयोजित ग्रीष्मकालीन अंतर विभागीय T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला परिचालन और विद्युत विभाग के बीच खेला गया, जिसमें परिचालन विभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 193 रन से जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।


फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए परिचालन विभाग ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर विशाल 351 रन बनाए। टीम की ओर से मनीष कुमार ने 51 गेंदों पर 141 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 14 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। रामप्रवेश यादव ने 25 गेंदों पर 85 रन, गजानंद कुमार ने 17 गेंदों पर 51 रन और गौरव कुमार ने 12 गेंदों पर 37 रन का योगदान दिया। विद्युत विभाग की ओर से मुनि कुमार ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि रमेश नीरज और करण को एक-एक विकेट मिला।


352 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विद्युत विभाग की टीम 15.4 ओवर में 158 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से संजय साहू ने 35 रन, अनिल यादव ने 21 रन और अभिनव सिंह ने 45 रन बनाए। परिचालन विभाग की ओर से गजानंद कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि विमलेश कुमार और अजीत कुमार ने 2-2 विकेट लिए।


मैच के बाद रेलवे स्टेडियम में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने विजेता परिचालन विभाग को ट्रॉफी प्रदान की, जबकि विद्युत विभाग को उपविजेता ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। मनीष कुमार को उनकी शानदार 141 रन की पारी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। गजानंद कुमार को ‘बेस्ट बॉलर’, इंजीनियरिंग विभाग के विजय कुमार को ‘बेस्ट बैट्समैन’ और रामप्रवेश यादव को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार दिया गया।

इस अवसर पर डीआरएम श्री आशीष जैन ने सभी खिलाड़ियों और आयोजकों की सराहना करते हुए टीम भावना और समन्वय के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। समापन समारोह में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी श्री बलेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अभिनव कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) श्री सौरभ राठौर, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) श्री आर.एन. सिंह सहित कई अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मंडल क्रीड़ा अधिकारी श्री बलेन्द्र पाल ने सभी का आभार व्यक्त किया।



Post a Comment

0 Comments