डीआरएम आशीष जैन का औचक निरीक्षण, स्टेशन व समपारों की जांच


वाराणसी, 25 अप्रैल 2026। मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी श्री आशीष जैन ने शनिवार को हरदत्तपुर एवं राजातालाब क्षेत्र में स्थित समपार संख्या 7C, 9C और 12C का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशनों की स्वच्छता, संरक्षा व्यवस्था और तकनीकी उपकरणों की स्थिति का गहन जायजा लिया।


डीआरएम ने केंद्रीकृत स्टेशन पैनल, वीडर काउंटर, रिले रूम तथा संरक्षा उपकरणों जैसे लॉक एंड ब्लॉक इंस्टूमेंट, एक्सल काउंटर और डाटा लॉगर की कार्यप्रणाली की जांच की। साथ ही स्टेशन अभिलेखों—विफलता रजिस्टर, अनुरक्षण रजिस्टर, रिले रूम चाभी हस्तांतरण रजिस्टर, प्वाइंट्स एंड क्रॉसिंग रजिस्टर एवं स्टेशन वर्किंग रूल—का भी निरीक्षण किया। प्लेटफॉर्म एवं अन्य यात्री सुविधाओं की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने साफ-सफाई और उपकरणों के समुचित रख-रखाव के निर्देश दिए।


निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने रेलवे ट्रैक के बदलाव और रेल वेल्डिंग कार्य का भी अवलोकन किया तथा वेल्डिंग की गुणवत्ता और ट्रैक की मानक दूरी की जांच की। समपारों पर तैनात गेटमैन से संरक्षा संबंधी जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने समपार संख्या 09C पर बन रहे एलएचएस (LHS) निर्माण कार्य को तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।


इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक, वरिष्ठ पर्यवेक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। उक्त जानकारी जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी अशोक कुमार द्वारा दी गई।



Post a Comment

0 Comments