भारत रत्न के हकदार हैं बाल गंगाधर तिलक : मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह का बड़ा बयान
बलिया। जनपद के जिला पंचायत स्थित आचार्य नरेंद्र देव सभागार में आयोजित भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ (बलिया इकाई) के भव्य शपथ ग्रहण समारोह ने पत्रकारिता, समाज और लोकतंत्र के रिश्तों को एक बार फिर मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने पत्रकारिता की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि “एक सच्चा पत्रकार हमेशा समाज के हर वर्ग को न्याय दिलाने का प्रयास करता है। लोकतंत्र के चारों स्तंभ भले ही कहीं न कहीं गिरावट से प्रभावित हुए हों, लेकिन पत्रकारिता पर आज भी जनता का भरोसा कायम है।”
उन्होंने आगे कहा कि कानून का राज स्थापित करना हो, विकास कार्यों में पारदर्शिता लानी हो या फिर वंचितों को उनका हक दिलाना हो—इन सभी में पत्रकारिता की भूमिका सर्वोपरि है। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के नवगठित जिला पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि जिलाध्यक्ष नजरुल बारी के नेतृत्व में पूरी टीम अपनी कलम और कैमरे के माध्यम से बलिया में न्याय, विकास और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। साथ ही उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष मधुसूदन सिंह को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए आश्वासन दिया कि महासंघ को जब भी उनकी आवश्यकता होगी, वे तन-मन-धन से साथ खड़े रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान दूसरे संगठनों से त्यागपत्र देकर महासंघ में शामिल हुए सुशील कुमार मुन्ना ठाकुर, बसंत सिन्हा, कंचन सिंह और अजीत सिंह का विशेष सम्मान किया गया। परिवहन मंत्री ने प्रांतीय अध्यक्ष मधुसूदन सिंह के आग्रह पर सभी को अंगवस्त्रम और माला पहनाकर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि महासंघ ने सुशील कुमार मुन्ना ठाकुर को प्रांतीय उपाध्यक्ष, बसंत सिन्हा को प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य तथा कंचन सिंह को महिला मोर्चा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है।
समारोह में प्रांतीय अध्यक्ष मधुसूदन सिंह ने जिलाध्यक्ष नजरुल बारी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष नंद किशोर नवल, जिला महासचिव शशि कुमार, मंत्री विवेक जायसवाल सहित सभी तहसील अध्यक्षों और पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में बैरिया तहसील अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, उपाध्यक्ष श्रीमन तिवारी, महासचिव मनोज तिवारी, कोषाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गुप्ता, मीडिया प्रभारी चंद्र प्रकाश मौर्य, संरक्षक सुधाकर शर्मा, सिकंदरपुर तहसील अध्यक्ष नूर आलम, उपाध्यक्ष गौहर खान, बलिया सदर से महासचिव बिक्की कुमार, उपाध्यक्ष सुनील सेन ‘दादा’, रसड़ा तहसील से अध्यक्ष रवि आर्या और महासचिव सुमित कुमार प्रमुख रूप से शामिल रहे। बांसडीह और बेल्थरा रोड तहसीलों के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण आगामी मई माह में प्रांतीय अधिवेशन के बाद कराया जाएगा।
कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण मांग भी उठी, जब लोक सम्मान मासिक पत्रिका के प्रधान संपादक धर्मेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में अपने अखबार ‘केसरी’ और लेखनी के माध्यम से जनजागरण करने वाले बाल गंगाधर तिलक को अब तक भारत रत्न न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एक पत्रकार के रूप में तिलक का योगदान अतुलनीय रहा है और उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा जाना चाहिए।
उन्होंने देवर्षि नारद का उदाहरण देते हुए कहा कि वे त्रिलोक के पहले पत्रकार माने जाते हैं, लेकिन सत्य को सामने लाने के कारण उन्हें भी वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने वर्तमान पत्रकारों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आज भी कई पत्रकार न्यूनतम वेतन पर कार्य करते हैं और सम्मान के लिए संघर्ष कर रहे हैं, फिर भी वे समाज में भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और अन्याय के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाते हैं।
समारोह के दौरान परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख ज्ञानेंद्र राय ‘गुड्डू’ तथा बेलहरी ब्लॉक प्रमुख शशांक को अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष मधुसूदन सिंह ने की, जबकि संचालन डॉ. सुनील कुमार ओझा ने किया।
मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह ने समारोह में उपस्थित सभी पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र एवं बैग देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले प्रमुख पत्रकारों में आसिफ जैदी, अजय कुमार सिंह, असगर अली, पंडित विजेंद्र कुमार शर्मा, पीडी सिंह, जमाल आलम, अमित सोनी, संजय तिवारी, राणा प्रताप सिंह (प्रांतीय कोषाध्यक्ष), संतोष शर्मा (प्रांतीय महासचिव), डॉ. सुनील ओझा (राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य), रजनीश कुमार श्रीवास्तव, दिनेश गुप्ता, आनंद दूबे, प्रवीण श्रीवास्तव, जितेंद्र सिंह "विकास", भारत भूषण पांडेय, उपेंद्र कुमार, सुग्रीव, मुकेश, सहित अनेक पत्रकार एवं पदाधिकारी शामिल रहे।
यह भव्य शपथ ग्रहण समारोह न केवल पत्रकारों के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण का प्रतीक बना, बल्कि इसने समाज में पत्रकारिता की अहम भूमिका और उसके प्रति विश्वास को भी और मजबूत करने का कार्य किया।















0 Comments